अपडेटेड 15 March 2026 at 08:29 IST
कोमा में हैं या मारे गए... कहां हैं ईरान के नए 'बॉस' मोजतबा खामेनेई? डोनाल्ड ट्रंप बोले- किसी जिंदा को बनाते सुप्रीम लीडर, वो तो...
राष्ट्रपति ट्रंप से जब मीडिया ने ईरान के सुप्रीम लीडर के बारे में पूछा तो उनका जवाब था 'मुझे नहीं पता कि वह अब जिंदा भी हैं या नहीं। अब तक, कोई भी उन्हें देख नहीं पाया है।'
ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई को लेकर कई तरह की अटकलें लग रही है। इजरायल-अमेरिका के हमलों में उनके बुरे तरह से घायल होने की बात लगातार सामने आ रही है। माना जा रहा है कि यही वजह थी कि देश के नाम अपने पहले संबोधन में खामेनेई सामने नहीं आए। टीवी एंकर ने उनके संदेश को पढ़कर सुनाया। इन चर्चाओं के बीच अब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मोजतबा को लेकर बड़ा बयान दिया है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई को लेकर पहले कहा था कि अली खामेनेई के बेटे हैं, अभी जिंदा हैं। संभव हैं युद्ध में उन्हें चोटें आई होगी और वो गंभीर रूप से घायल हों। मगर ट्रंप ने अपने ताजा बयान में कहा है कि मुझे नहीं पता कि वह जिंदा भी हैं या नहीं। ईरान में भी हमले में मुजतबा के बुरी तरह से घायल होने की चर्चा जोरों पर है। इस बीच अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने भी एक बयान जारी कर कहा कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई घायल हैं और शायद उनका चेहरा बिगड़ गया है।
मुझे नहीं पता कि वह अब जिंदा भी हैं या नहीं-ट्रंप
राष्ट्रपति ट्रंप से जब मीडिया ने ईरान के सुप्रीम लीडर के बारे में पूछा तो उनका जवाब था 'मुझे नहीं पता कि वह अब जिंदा भी हैं या नहीं। अब तक, कोई भी उन्हें देख नहीं पाया है। हालांकि ट्रंप ने उनकी मौत की खबर को एक अफवाह भी बताया और आगे कहा, 'मुझे सुनने में आ रहा है कि वह जिंदा नहीं हैं और अगर वह जिंदा हैं, तो उन्हें अपने देश के लिए कुछ बहुत समझदारी भरा काम करना चाहिए और वह है आत्मसमर्पण।'
क्या कोमा में हैं मोजतबा खामेनेई?
गुरुवार को ईरान के सर्वोच्च नेता ने देश के नाम अपना पहला संदेश जारी किया, मगर खामेनेई खुद कैमरे के सामने नहीं आए। इसके बाद से उनकी हालात को लेकर कई तरह की अटकलें लगनी शुरू हो गई। सबसे हैरान करने वाला दावा ये किया गया कि खामेनेई कोमा में चले गए हैं। उनके एक पैर कटने तक चर्चा चल रही है। बता दें कि अली खामेनेई अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध के पहले ही दिन, 28 फरवरी को हमले में मारे गए थे। इस हमले में युवा खामेनेई की पत्नी जहरा हद्दाद आदेल, बेटी समेत परिवार के कई सदस्य मारे गए थे। दावा किया जा रहा है कि इसी हमले अली खामेनेई के बेटे मुजतबा भी बुरी तरह घायल हो गए हैं।
अमेरिकी रक्षा सचिव का बड़ा दावा
मुजतबा खामेनेई अपने पिता आयतुल्लाह अली खामेनेई की जगह ईरान के नए सुप्रीम लीडर बने हैं। रविवार, 8 मार्च को ईरान के नए सर्वोच्च नेता चुने जाने के बाद से वो सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। पद संभालने के बाद खामेनेई का पहला संदेश गुरुवार को ईरानी सरकारी टेलीविजन पर एक न्यूज एंकर द्वारा पढ़ कर जारी किया गया। इसके बाद अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने उनके घायल होने का दावा किया। उन्होंने कहा, अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई घायल हैं और शायद उनका चेहरा बिगड़ गया है। उन्होंने एक बयान जारी किया, जो वास्तव में कमजोर था, लेकिन उसमें कोई आवाज या वीडियो नहीं था।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 15 March 2026 at 08:29 IST