'पृथ्वी से 260 मील ऊपर वाली दिवाली...', सुनीता विलियम्स ने अंतरिक्ष से भेजी शुभकामनाएं
व्हाइट हाउस दिवाली समारोह में सुनीता विलियम्स ने ISS से वीडियो मैसेज जारी किया। इस दौरान उन्होंने दुनियाभर में दिवाली मना रहे लोगों को अपनी शुभकामनाएं भेजी।
Diwali celebration in White House: दिवाली के मौके पर व्हाइटस हाउस में दिवाली का कार्यक्रम रखा गया। इस दौरान NASA की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने स्पेस से दिवाली की शुभकामनाएं भेजीं। अंतरिक्ष से जारी वीडियो संदेश के जरिए सुनीता विलियम्स ने अमेरिका, भारत और दुनियाभर में इस त्योहार को सेलिब्रेट कर रहे लोगों को 'हैप्पी दिवाली' विश किया।
बता दें कि काफी लंबे समय से सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष में फंसी हुई हैं। अगले साल फरवरी में उनकी वापसी संभव है।
सुनीता विलियम्स का स्पेस से वीडियो संदेश
व्हाइट हाउस दिवाली समारोह के दौरान सुनीता विलियम्स ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से वीडियो संदेश साझा किया। इसमें उन्होंने कहा, "ISS से शुभकामनाएं। मैं व्हाइट हाउस और दुनिया भर में आज दिवाली मना रहे सभी लोगों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं देना चाहती हूं। इस साल मुझे ISS पर पृथ्वी से 260 मील ऊपर से दिवाली मनाने का अनूठा अवसर मिला है।"
सुनीता ने आगे कहा, "मेरे पिता ने हमें दिवाली और अन्य भारतीय त्योहारों के बारे में सिखाकर अपनी सांस्कृतिक जड़ों को बनाए रखा। दिवाली खुशी का समय है क्योंकि दुनिया में अच्छाई कायम है। आज हमारे समुदाय के साथ दिवाली मनाने और हमारे समुदाय के कई योगदानों को पहचानने के लिए राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति को धन्यवाद।"
व्हाइट हाउस में दिवाली कार्यक्रम का आयोजन
बता दें कि हर साल व्हाइट हाउस में दिवाली कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम में भारतीय अमेरिकी भी शामिल होते हैं। साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति भारतीयों को संबोधित करते हैं।
व्हाइट हाउस में यह अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का आखिरी दिवाली कार्यक्रम था। पांच नवंबर को अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव है और इस बार राष्ट्रपति चुनाव में वह उम्मीदवार नहीं हैं।
'कमला को अपना साथी चुना, क्योंकि...'
व्हाइट हाउस दिवाली समारोह में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा, "मेरी पत्नी जिल बाइडेन यहां आना चाहती थीं, लेकिन वह विस्कॉन्सिन जा रही हैं और कमला (हैरिस) भी यात्रा कर रही हैं। आप जानते हैं कि मैंने कई कारणों से कमला को अपना साथी चुना है। वह स्मार्ट और मजबूत हैं, उन पर भरोसा किया जा सकता है। उनके पास उन सभी लोगों की तुलना में अधिक अनुभव है, जिनके खिलाफ वह चुनाव लड़ रही हैं... लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उनके पास चरित्र है।"
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 29 October 2024 at 07:26 IST