US को मॉस्को में हुए आतंकी हमले की पहले से थी खबर, रूसी अधिकारियों को भेजी थी खुफिया जानकारी
रूस आतंकी हमले में मौत का आंकड़ा 70 तक पहुंच गया है। इस बीच अमेरिका ने दावा किया है कि रूस के अधिकारियों को पहले ही इस हमले की खुफिया जानकारी दी गई थी।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
रूस के मॉस्को में एक कन्सर्ट हॉल में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई है। इस हमले में मौत का आंकड़ा 70 के करीब पहुंच चुका है। इस बीच के आतंकी संगठन ISIS ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। वहीं अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रूसी अधिकारियों को पहले ही इस हमले के बारे में अलर्ट किया गया था।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने निजी तौर पर रूसी अधिकारियों को हमले की ओर इशारा करने वाली खुफिया जानकारी से अवगत कराया था। अधिकारियों के अनुसार, संयुक्त राज्य अमेरिका ने मार्च में इस हमले को लेकर खुफिया जानकारी इकट्ठा की थी कि इस्लामिक स्टेट-खुरासान, जिसे ISIS-K के नाम से जाना जाता है, अफगानिस्तान में स्थित ग्रुप की यूनिट, मास्को पर हमले की योजना बना रही थी। अमेरिकी अधिकारी की ओर से दिए गए बयान में कहा गया, "ISIS के सदस्य रूस में सक्रिय हैं। अमेरिकी आतंकवाद विरोधी अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय तक शांत रहने के बाद, इस्लामिक स्टेट अपने बाहरी हमलों को बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।"
रूस के हाथों पर मुस्लिमों के खून का आरोप
न्यूयॉर्क के सुरक्षा परामर्श फर्म सौफान ग्रुप के आतंकवाद विरोधी एक्सपर्ट कॉलिन पी क्लार्क ने कहा, "ISIS-K का फोकस बीते दो सालों से रूस पर है। आईएसआईएस-के अफगानिस्तान, चेचन्या और सीरिया में मॉस्को के हस्तक्षेप का हवाला देते हुए क्रेमलिन पर अपने हाथों में मुस्लिमों का खून होने का आरोप लगाता है।"
वहीं क्रेमलिन मीडिया के अनुसार कई मृतकों के शव शौचालयों, भोजन कक्षों और उन कमरों में पाए गए, जहां सफाईकर्मी सामान जमा करते थे। लोग गोलीबारी से छिप रहे थे, लेकिन धुएं के कारण उनका दम घुट गया। उनके शरीर पर कोई घाव नहीं हैं।
ISIS ने हमले की ली जिम्मेदारी
ISIS ने अपने टेलीग्राम चैनल पर एक बयान जारी कर कहा, 'हमारे लड़ाकों ने रूस की राजधानी मॉस्को के बाहरी इलाके में स्थित क्रोकस कॉन्सर्ट हॉल में हमला किया'। बयान में यह भी कहा गया है कि हमलावर 'सुरक्षित रूप से अपने ठिकानों पर लौट आए हैं'।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 23 March 2024 at 07:13 IST