अपडेटेड 10 September 2024 at 13:49 IST
अमेरिका की धरती से राहुल ने भारत की चुनाव प्रक्रिया पर उठाया सवाल,कहा-अगर निष्पक्ष होता तो BJP...
राहुल गांधी अपने अमेरिका दौरे के दूसरे दिन भारत में हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव को लेकर बयानबाजी की है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाया है।
कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी अमेरिका दौरे पर अपने बयानों से खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। पहले राहुल ने सनातन धर्म पर सवाल और चीन की तारीफ करके जहां देश में राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है तो अपने दौरे के दूसरे दिन उन्होंने भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाया है। हालिया संपन्न हुए लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने बयानबाजी की है।
राहुल गांधी ने कहा कि चुनावों से पहले, हम इस विचार पर जोर देते रहे कि संस्थाओं पर कब्जा कर लिया गया है। RSS ने शिक्षा प्रणाली पर कब्जा कर लिया है। मीडिया और जांच एजेंसियों पर कब्जा कर लिया है। हम यह कहते रहे लेकिन लोगों को यह समझ में नहीं आ रहा था। लेकिन मैंने संविधान को आगे रखना शुरू किया और मैंने जो कुछ भी कहा था, वह अचानक से सही साबित हुआ। गरीब भारत, उत्पीड़ित भारत, जिसने यह समझ लिया कि अगर संविधान खत्म हो गया तो पूरा खेल खत्म हो जाएगा।
राहुल ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर उठाया सवाल
राहुल ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा, मुझे नहीं लगता कि लोकसभा चुनाव 2024 निष्पक्ष हुआ। अगर निष्पक्ष चुनाव होता तो भाजपा 246 के करीब थी। उनके पास बहुत बड़ा वित्तीय लाभ था। उन्होंने हमारे बैंक खाते बंद कर दिए थे। चुनाव आयोग वही कर रहा था जो वे चाहते थे। पूरा अभियान इस तरह से बनाया गया था कि नरेंद्र मोदी देश भर में अपना काम करें। जिन राज्यों में वे कमजोर थे, उन्हें उन राज्यों से अलग तरीके से डिज़ाइन किया गया था जहां वे मज़बूत थे। मैं इसे स्वतंत्र चुनाव के रूप में नहीं देखता। मैं इसे नियंत्रित चुनाव के रूप में देखता हूं।"
संविधान की रक्षा और नष्ट करने वालों के बीच की लड़ाई-राहुल
विपक्ष पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा, चुनाव से तीन महीने पहले हमारे सारे बैंक खाते सील कर दिए गए। हम चर्चा कर रहे थे कि अब क्या करना है। मैंने कहा- देखी जाएगी, देखते हैं क्या होता है।मगर जनता ने गहराई से समझ लिया कि यह संविधान की रक्षा करने वालों और इसे नष्ट करने वालों के बीच की लड़ाई है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 10 September 2024 at 13:49 IST