'मैं दखल दूंगा, पाकिस्तान के साथ मेरी...', पाक-अफगानिस्तान तनाव पर राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा बयान, शहबाज और मुनीर का भी किया जिक्र

राष्ट्रपति ट्रंप से जब अफगानिस्तान-पाकिस्तान संघर्ष में अमेरिका के दखल देने की संभावना पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, "मैं दखल दे सकता हूं, क्योंकि आप जानते हैं कि मेरे पाकिस्तान के साथ संबंध बहुत अच्छे हैं।"

पाक-अफगानिस्तान तनाव पर राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा बयान | Image: X

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। सीमा पर जारी झड़प ने अब युद्ध का रूप ले लिया है। दोनों देशों की सेना एक दूसरे के हमले का लगातार जवाब दे रही है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने इसे 'ओपन वॉर' करार दे दिया, जिसके बाद हालात और बिगड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, दोनों देशों के बीच जारी तनाव पर अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने साफ-साफ शब्दों में कह दिया है कि अब वो इस जंग में दखल देंगे।

व्हाइट हाउस के साउथ लॉन पर पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप से जब अफगानिस्तान-पाकिस्तान संघर्ष में अमेरिका के दखल देने की संभावना पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, "मैं दखल दे सकता हूं, क्योंकि आप जानते हैं कि मेरे पाकिस्तान के साथ संबंध बहुत अच्छे हैं।" ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को अपना अच्छा दोस्त बताया है।

पाकिस्तान-अफगानिस्तान संघर्ष मैं दखल दूंगा-ट्रंप

पाकिस्तान-अफगानिस्तान संघर्ष पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "मैं (दखल) दूंगा। पाकिस्तान के साथ मेरी बहुत अच्छी बनती है। उनके पास एक बहुत अच्छे प्रधानमंत्री हैं, एक बहुत अच्छे जनरल हैं। उनके पास एक बहुत अच्छे लीडर हैं। ये दो ऐसे लोग हैं जिनकी मैं सच में बहुत इज्जत करता हूं। पाकिस्तान बहुत अच्छा कर रहा है।" ट्रंप ने स्पष्ट रूप से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख असीम मुनीर को अपना अच्छा दोस्त बताया है।

संवाद के जरिए विवाद सुलझाने की अपील

इस बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भी तनाव कम करने की अपील की है। रूस, चीन, ईरान, यूरोपीय संघ और संयुक्त राष्ट्र ने दोनों पक्षों से संवाद के जरिए विवाद सुलझाने और हिंसा रोकने का आग्रह किया है। बता दें कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने शुक्रवार को कहा था कि पाकिस्तान खुद को पड़ोसी अफगानिस्तान के साथ 'ओपन वॉर' में मानता है, जो अक्टूबर में कतर की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम के बाद हिंसा का सबसे भीषण विस्फोट है। 

क्यों है दोनों देशों के बीच विवाद?

बता दें कि डूरंड रेखा ,जो अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच की सीमा है, लंबे समय से विवादित रही है। अफगानिस्तान इस लाइन को औपचारिक रूप से मान्यता नहीं देता, जबकि पाकिस्तान इसे अंतरराष्ट्रीय सीमा मानता है। यह तनाव कई महीनों से चल रहा है। अक्टूबर 2025 में कतर की मध्यस्थता से सीजफायर हुआ था, लेकिन इसके बाद भी छोटे-मोटे हमले जारी रहे। मगर अब इसने युद्ध का रूप ले लिया है। दोनों और से एयरस्ट्राइक किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: बोलीविया में करोड़ों कैश लेकर जा रहा एयरफोर्स का प्‍लेन क्रैश, 15 की मौत

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 28 February 2026 at 08:15 IST