'अब भारत अवसरों का इंतजार नहीं करता बल्कि निर्माण करता है', न्यूयॉर्क में भारतीयों से बोले PM मोदी
न्यूयॉर्क के नासाउ कोलिजियम में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया के सबसे बड़े युवा देशों में से एक है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
PM Modi US Visit: न्यूयॉर्क के नासाउ कोलिजियम में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया के सबसे बड़े युवा देशों में से एक है। भारत एनर्जी से भरा हुआ है, सपनों से भरा हुआ है। आज भारत अवसरों का इंतजार नहीं करता है बल्कि अवसरों का निर्माण करता है।
आज भारत दुनिया के सबसे बड़े युवा देशों में से एक है। भारत एनर्जी से भरा हुआ है, सपनों से भरा हुआ है। आज ही एक और बहुत अच्छी खबर में मिली है। चेस ओलंपियाड में मेंस और वीमेंस दोनों में भारत को गोल्ड मिला है। ये लगभग 100 साल के इतिहास में पहली बार हुआ है।
देश के लिए मर नहीं पाए लेकिन हम देश के लिए जरूर जी सकते हैं- पीएम मोदी
पीएम ने कहा कि आजादी के आंदोलन में करोड़ो भारतीयों ने स्वराज के लिए अपना जीवन खपा दिया था, उन्होंने अपना हित नहीं देखा था... वे देश की आजादी के लिए सब कुछ भूलकर अंग्रेजों से लड़ने चल पड़े थे, उस सफर में किसी को फांसी का फंदा मिला, किसी को गोलियों से भून दिया गया, कोई यातनाएं सहते हुए जेल में ही गुजर गया। हम देश के लिए मर नहीं पाए लेकिन हम देश के लिए जरूर जी सकते हैं।
पीएम ने कहा कि हम जहां भी जाते हैं, सबको परिवार मानकर उनसे घुल मिल जाते हैं। डायवर्सिटी को समझना, जीना, उसे अपने जीवन में उतारना... ये हमारे संस्कारों में है। कोई तमिल बोलता है, कोई तेलुगु, कोई मलयालम, तो कोई कन्नड़ा, कोई पंजाबी, कोई मराठी तो, कोई गुजराती, भाषा अनेक हैं, लेकिन भाव एक है, और वो भाव है- भारतीयता।
आपने अमेरिका और भारत को एक दूसरे से कनेक्ट किया- पीएम मोदी
पीएम ने कहा आपने अमेरिका और भारत को एक दूसरे से कनेक्ट किया है। आपकी स्किल, टैंलेंट,कमिटमेंट इसका कोई मुकाबला नहीं है। आप 7 समंदर पार भले आ गए पर कोई समंदर इतना गहरा नहीं जो दिल में बसे हिंदुस्तान को दूर कर सके, मां भारती ने जो हमें सिखाया है वो हम कभी भी भूल नहीं सकते। हम जहां जाते हैं सबको परिवार मानकर घुलमिल जाते हैं, हम उस देश के वासी है जहां सैकड़ो भाषाएं, बोलियां और पंत और धर्म हैं फिर भी एक और नेक बनकर आगे बढ़ रहे हैं।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 22 September 2024 at 22:47 IST