उत्तरी अमेरिका का सबसे बड़ा रेलवे सिस्टम ठप, न्यूयॉर्क में सेवाएं पूरी तरह बंद, यूनियन स्ट्राइक से लाखों यात्रियों पर असर
न्यूयॉर्क का सबसे बड़ा Commuter रेलवे LIRR शनिवार से पूरी तरह बंद हो गया है। यूनियन ने वेतन और हेल्थकेयर की मांग पर हड़ताल शुरू कर दी। LIRR रोजाना करीब 2.5 लाख से 3 लाख यात्रियों को सेवा देता है।
अमेरिका का सबसे बड़ा Commuter रेलवे सिस्टम Long Island Rail Road (LIRR) शनिवार सुबह से पूरी तरह बंद हो गया है। कर्मचारियों की यूनियन ने हड़ताल शुरू कर दी है। यह 30 साल बाद हुई पहली बड़ी हड़ताल है। यह 1994 के बाद LIRR की पहली बड़ी स्ट्राइक है।
लॉन्ग आइलैंड रेल रोड (LIRR) न्यूयॉर्क शहर और लॉन्ग आइलैंड के पूर्वी उपनगरों को जोड़ने वाला उत्तर अमेरिका का सबसे व्यस्त रेल सिस्टम है। यूनियनों ने मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी (MTA) के साथ नए समझौते पर बातचीत विफल होने के बाद स्ट्राइक शुरू कर दी।
यूनियन नेताओं का कहना है कि पिछले 3 साल में महंगाई बहुत बढ़ी है। उन्होंने अच्छा वेतन बढ़ोतरी मांगी थी, लेकिन MTA कम ऑफर दे रहा था। एक पिकेटिंग कर्मचारी ने कहा, “हमें अफसोस है कि यात्रियों को परेशानी हो रही है, लेकिन हम सिर्फ उचित वेतन चाहते हैं।”
क्या हैं इनकी मुख्य मांग
LIRR न्यूयॉर्क शहर और लॉन्ग आइलैंड के इलाकों को जोड़ता है। MTA के साथ महीनों से वेतन और हेल्थकेयर पर बातचीत चल रही थी, लेकिन समझौता नहीं हो सका। लगभग 3,500 कामगारों का प्रतिनिधित्व करने वाले लोकोमोटिव इंजीनियर्स, मशीनिस्ट और सिग्नलमैन समेत पांच यूनियनों ने 12:01 बजे रात से काम बंद कर दिया। इनकी मुख्य मांग वेतन वृद्धि है। यूनियनों की मांग है कि चौथे साल में 5% वेतन बढ़ोतरी की जाए। MTA का प्रस्ताव 3% बढ़ोतरी है, कुछ लंपसम पेमेंट्स के साथ कुल 4.5% तक है।
MTA और सरकार का पक्ष
MTA चेयरमैन ने कहा कि उन्होंने वेतन में काफी बढ़ोतरी की पेशकश की थी, लेकिन यूनियन हड़ताल पर जाने के लिए पहले से तैयार थी। न्यूयॉर्क गवर्नर कैथी होचुल ने ट्रंप प्रशासन पर आरोप लगाया कि उन्होंने मध्यस्थता जल्दी खत्म कर दी। ट्रंप ने इसे होचुल की गलती बताया।
यात्रियों पर क्या असर?
- LIRR रोजाना करीब 2.5 लाख से 3 लाख यात्रियों को सेवा देता है।
- पूरे सिस्टम की सेवा निलंबित कर दी गई है। पेन स्टेशन और अन्य स्टेशनों पर ट्रेनें नहीं चल रही हैं।
- MTA ने सीमित शटल बसें चलाने की घोषणा की है, लेकिन ये सामान्य यातायात का बोझ नहीं संभाल सकतीं।
- न्यूयॉर्क के यातायात पर भारी दबाव बढ़ने की आशंका है। लोग सड़कों पर गाड़ियां चलाने की सलाह दे रहे हैं, जिससे जाम बढ़ सकता है।
- गवर्नर कैथी होचुल ने लोगों से घर से काम करने (Work from Home) की अपील की है।
यह स्थिति लंबी चली तो न्यूयॉर्क क्षेत्र के आर्थिक और दैनिक जीवन पर काफी असर पड़ेगा। अभी नई बातचीत की कोई तारीख तय नहीं हुई है। दोनों पक्षों में दूरी बनी हुई है। गवर्नर की आगामी चुनाव को देखते हुए जल्द समझौता हो सकता है, वरना किराया बढ़ोतरी या सेवा कटौती जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 16 May 2026 at 21:23 IST