Iran US Deal: 'डील पूरी, होर्मुज से निकलने की जहाज कर लें तैयारी', अमेरिका-ईरान जंग पर लगा विराम; डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐलान

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर सहमति बन गई है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज हमेशा के लिए बिना किसी शुल्क के खुलेगा। उन्होंने अमेरिकी नौसेना के लगाए गए ब्लॉकेड को तुरंत हटाने का आदेश दिया।

डोनाल्‍ड ट्रंप | Image: X

US-Iran Deal: अमेरिका और ईरान के बीच करीब 4 महीनों से चल रहा युद्ध अब खत्म होने जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस ऐतिहासिक समझौते का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि ईरान के साथ डील पूरी हो गई है।

डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, 'इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ डील अब पूरी हो गई है। सभी को बधाई! मैं होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बिना किसी शुल्क के खोलने की पूरी मंजूरी देता हूं और साथ ही, अमेरिका की नौसैनिक नाकेबंदी को तुरंत हटाने का भी आदेश देता हूं। दुनिया भर के जहाजों अपने इंजन चालू करो। तेल को बहने दो!' 

ट्रंप ने एक दूसरे ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में लिखा, ‘यह शानदार डील पूरे इलाके में शांति और सुरक्षा लाएगी। कई राष्ट्रपतियों ने ईरान के साथ शांति बनाने की कोशिश की, लेकिन मुझसे पहले सभी नाकाम रहे। इलाके के नेताओं को पहली बार ऐसा राष्ट्रपति मिला है जो उन्हें असली शांति पाने में मदद कर सकता है। शुक्रवार को डील पर साइन होने के बाद स्ट्रेट के खुलने और बारूदी सुरंगें हटाने के काम के साथ, इलाके और दुनिया के लिए दोनों तरफ से फिर से तेल की सप्लाई शुरू हो जाएगी!’ ईरान ने भी इस समझौते की पुष्टि की है।  

समझौते पर क्या बोला ईरान?

ईरान के उप-विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने सरकारी टेलीविजन पर कहा कि डील हो गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेहरान प्रस्तावित 60 दिन की वार्ता में अंतिम समझौते के लिए तभी कदम बढ़ाएगा, जब वह वॉशिंगटन के शत्रुता समाप्त करने, नाकाबंदी हटाने और ईरानी संपत्तियों को बहाल करने की प्रतिबद्धताओं की पूरी तरह पुष्टि (वेरिफिकेशन) कर लेगा।

ईरान के सरकारी टेलीविजन के मुताबिक, काजेम गरीबाबादी ने कहा कि समझौते पर आधिकारिक हस्ताक्षर समारोह शुक्रवार को होगा, जिसके बाद समझौता ज्ञापन (MoU) सार्वजनिक किया जाएगा।

19 जून को स्विट्जरलैंड में होगा हस्ताक्षर- पाकिस्तानी PM 

वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'गहन बातचीत के बाद हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि संयुक्त राज्य अमेरिका और इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान के बीच शांति समझौता हो गया है। दोनों पक्षों ने लेबनान सहित सभी मोर्चों पर सैन्य अभियानों को तुरंत और स्थायी रूप से समाप्त करने की घोषणा की है। आधिकारिक हस्ताक्षर समारोह शुक्रवार, 19 जून को स्विट्जरलैंड में होगा।'

उन्होंने आगे लिखा, 'हम इस विवाद का कूटनीतिक समाधान खोजने की अपनी प्रतिबद्धता के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका और ईरान के इस्लामी गणराज्य का धन्यवाद करना चाहते हैं। हम इस समझौते तक पहुंचने में सहयोग के लिए मध्यस्थता की इस कोशिश में शामिल अपने भाइयों, यानी कतर राज्य के महान नेतृत्व का भी दिल से आभार व्यक्त करना चाहते हैं। मैं सऊदी अरब साम्राज्य और तुर्की गणराज्य के दूरदर्शी नेतृत्व को भी इस दिशा में उनके भारी योगदान के लिए विशेष रूप से धन्यवाद देना चाहता हूं। अब जब समझौता हो गया है, तो मध्यस्थ इस हफ्ते कई बैठकों का आयोजन करेंगे। लागू करने से पहले की ये चर्चाएं तकनीकी बातचीत और आधिकारिक हस्ताक्षर समारोह की नींव रखेंगी।' बता दें कि पाकिस्तान के अलावा कतर एक और अहम मध्यस्थ है।

June 14, 2026

अमेरिका-इजरायल ने ईरान पर किया था हमला

अमेरिका और इजरायल ने इसी साल 28 फरवरी को ईरान पर हमला शुरू किया था। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल और खाड़ी में अमेरिका के सहयोगी देशों को निशाना बनाया। साथ ही ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को भी बंद कर दिया, जो दुनिया भर में तेल और गैस की सप्लाई का एक अहम समुद्री मार्ग है।

इसके बाद अप्रैल में अमेरिका और ईरान के बीच सीज़फायर होने के बावजूद भी अमेरिका और ईरान के बीच रुक-रुक कर फायरिंग हुई। इसमें इस हफ्ते हुए दो बार हमले और जवाबी हमले भी शामिल हैं। 

यह भी पढ़ें: Brazil: हवा में टकराए दो हेलीकॉप्टर, चारों तरफ फैल गई आग, 6 लोगों की मौत; VIDEO
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 15 June 2026 at 07:27 IST