अपडेटेड 14 March 2026 at 18:21 IST

Israel-Iran War: ईरान ने UAE पर दागे 9 बैलिस्टिक मिसाइल और 33 ड्रोन, अमीराती एयर डिफेंस ने आसमान में ही किया ढेर

Israel-Iran War: ईरान ने 14 मार्च 2026 को मिसाइलों और ड्रोनों से UAE पर बड़ा हमला किया। हालांकि UAE रक्षा प्रणालियों ने आसमान में ही 9 बैलिस्टिक मिसाइलों और 33 ड्रोनों को सफलतापूर्वक मार गिराया।

Iran Fired 9 Ballistic Missiles and 33 Drones at the UAE | Image: Republic

Israel-Iran War: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय ने 14 मार्च 2026 को एक महत्वपूर्ण बयान जारी करते हुए बताया है कि UAE की एयर डिफेंस ने ईरान की ओर से किए गए एक बड़े हमले को विफल कर दिया है। UAE रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उनकी रक्षा प्रणालियों ने आसमान में ही 9 बैलिस्टिक मिसाइलों और 33 ड्रोनों का सफलतापूर्वक सामना किया और उन्हें लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिया।

अब तक 1600 से ज्यादा ड्रोन नष्ट

ईरान द्वारा शुरू किए गए इन दुस्साहसी हमलों के बाद से UAE की एयर डिफेंस सिस्टम लगातार हाई अलर्ट पर है। आंकड़ों के अनुसार, इस संघर्ष की शुरुआत से लेकर अब तक अमीराती सेना ने कुल 294 बैलिस्टिक मिसाइलों, 15 क्रूज मिसाइलों और लगभग 1600 ड्रोनों का मुकाबला किया है। 

सेना ने स्पष्ट किया है कि उनकी मिसाइल डिफेंस यूनिट किसी भी खतरे से निपटने के लिए चौबीसों घंटे सक्रिय है और तत्परता से देश की सीमाओं की रक्षा कर रही है।

हमले में 6 की मौत, कई देशों के नागरिक घायल

बताया जा रहा है कि इन हमलों के कारण जान-माल का नुकसान भी हुआ है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अब तक हुए इन हमलों में 6 लोगों की मौत हुई है, जिनमें अमीराती, पाकिस्तानी, नेपाली और बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा, 141 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें मामूली से मध्यम चोटें आई हैं।

घायलों की सूची में भारत, पाकिस्तान, मिस्र, सूडान, फिलीपींस और श्रीलंका सहित दर्जनों देशों के नागरिक शामिल हैं, जो UAE में कार्यरत थे। सरकार इन सभी प्रभावित परिवारों को लगातार सहायता पहुंचाने का काम कर रही है और सक्रिय है।

रक्षा मंत्रालय की चेतावनी 

UAE के रक्षा मंत्रालय ने इस बात की भी पुष्टि की है कि वह देश की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का दृढ़ता से सामना करेगा। मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “अमीराती सेना किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है और तैयार है। साथ ही देश की संप्रभुता, सुरक्षा और स्थिरता की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।”

ये भी पढ़ें:  ईरान ने खर्ग आइलैंड पर हमले का लिया बदला, UAE में अमेरिका के तेल टैंकर पर बड़ा अटैक; आसमान में दूर तक उठती दिखीं आग की लपटें; VIDEO

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 14 March 2026 at 18:17 IST