अमेरिका जल्द होर्मुज स्ट्रेट पर करेगा नियंत्रण? ट्रंप के बाद अब अमेरिकी वित्त मंत्री का आया बड़ा बयान; जानिए क्या कुछ कहा
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि जल्द ही अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य पर फिर से नियंत्रण हासिल कर लेगा, जिससे दुनिया के सबसे अहम तेल रूट्स में एक पर नेविगेशन की आजादी होगी।
US on Strait of Hormuz: ईरान और इजरायल के बीच जारी जंग से पिछले करीब एक महीने से मिडिल ईस्ट में तनाव है। एक और तेहरान झुकने को तैयार नहीं है, जबकि दूसरी ओर अमेरिका से भी कोई उम्मीद नजर आ नहीं आ रही है। इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप की एक बड़ी रणनीति सामने आई है कि वह होर्मुज खाड़ी पर अपना नियंत्रण वापस लेने की तैयारी में है।
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में बड़ा बयान देते हुए कहा कि जल्द ही अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य पर फिर से नियंत्रण हासिल कर लेगा, जिससे दुनिया के सबसे अहम तेल रूट्स में एक पर नेविगेशन की आजादी होगी।
कई देश जलडमरूमध्य पार कराने के लिए मजबूर- बेसेंट
बेसेंट ने कहा कि अमेरिकी जहाजों या फिर कई देशों के संयुक्त जहाजों के जरिये अमेरिका का होर्मुज जलडमरूमध्य पर कंट्रोल होगा। उन्होंने जोर देते हुए यह भी कहा कि बाजार में तेल की सप्लाई अच्छी है। हम रोजाना ज्यादा से ज्यादा जहाजों को गुजरते देख रहे हैं, क्योंकि अलग-अलग देश मौजूदा समय में ईरानी प्रशासन के साथ समझौता करके अपने जहाजों को जलडमरूमध्य पार कराने के लिए मजबूर हैं। लेकिन समय के साथ अमेरिका जलडमरूमध्य पर पूरी तरह से नियंत्रण करेगा और वहां से जहाजों के सुरक्षित रूप से गुजरने की स्वतंत्रता को सुनिश्चित करेगा।
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर क्यों बढ़ीं चिंता?
अमेरिकी वित्त मंत्री का यह बयान वेस्ट एशिया में जारी संघर्ष के बीच आया है, जब इसके कारण होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर वैश्विक चिंता अत्यधिक बढ़ गई है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक है। यहां से वैश्विक तेल व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा इसी संकरे रास्ते से होकर गुजरता है। ऐसे में ट्रंप की यह रणनीति वैश्विक तेल बाजारों पर बड़े पैमाने पर प्रभाव डाल सकती है।
'होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का कब्जा नहीं…'
वहीं दूसरी तरफ अमेरिकी विदेश मंत्री मार्कों रुबियो ने भी सोमवार को साफ शब्दों में कहा कि डोनाल्ड ट्रंप होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का नियंत्रण हमेशा के लिए नहीं होने देंगे। यूएस कुछ ही हफ्तों में अपने लक्ष्य को हासिल कर लेगा।
एबीसी न्यूज से रुबियो कहते हैं कि अमेरिका ईरान की नौसेना और मिसाइल लॉन्चरों को नष्ट तक कर रहा है। उनके रक्षा औद्योगिक आधार को पूरी तरह से मिटा दिया जाएगा, जिससे की वह भविष्य में नए मिसाइल या ड्रोन न बना पाएं।
अमेरिकी राष्ट्रपति के पास कई विकल्प मौजूद- रुबियो
उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर कहा कि ट्रंप के पास कई विकल्प हैं। अगर ईरान खाड़ी पर कब्जा करने का प्रयास करता है तो अमेरिका शांत नहीं बैठेगा और उसे रोकने के लिए कार्रवाई करेगा। वहीं ईरान ने अमेरिकी दावों को खारिज कर दिया है। ईरान के विदेश मंत्रालय प्रवक्ता बगहेई का कहना है कि अमेरिका की बातचीत और कूटनीति की बातें विश्वासयोग्य नहीं हैं। उसने बार-बार अपनी स्थिति में बदलाव किया, जबकि ईरान का रुख हमेशा ही स्पष्ट रहा है।
ट्रंप ने ईरान को फिर दे डाली चेतावनी
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान को चेतावनी दे डाली है। उन्होंने लिखा, 'संयुक्त राज्य अमेरिका एक 'नए और ज्यादा समझदार' शासन के साथ गंभीर बातचीत कर रहा है, ताकि ईरान में हमारे सैन्य ऑपरेशन खत्म किए जा सकें। इसमें काफी प्रगति हुई है, लेकिन अगर किसी भी वजह से जल्द ही कोई समझौता नहीं हो पाता है- हालांकि इसकी पूरी संभावना है कि समझौता हो जाएगा- और अगर होर्मुज जलडमरूमध्य तुरंत 'व्यापार के लिए नहीं खुलता' है, तो हम ईरान में अपने इस 'प्यारे प्रवास' को इस तरह खत्म करेंगे कि उनके सभी बिजली पैदा करने वाले प्लांट, तेल के कुएं और खर्ग द्वीप (और शायद पानी को मीठा बनाने वाले सभी प्लांट भी!) को बम से उड़ाकर पूरी तरह से तबाह कर देंगे; जिन्हें हमने जान-बूझकर अभी तक 'हाथ नहीं लगाया' है। यह हमारे उन कई सैनिकों और अन्य लोगों की मौत का बदला होगा, जिन्हें ईरान ने पुराने शासन के 47 साल के 'आतंक के राज' के दौरान बेरहमी से मार डाला था।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 31 March 2026 at 08:31 IST