Iran US War: दोबारा युद्ध की आशंका के बीच ट्रंप का बड़ा बयान, चीन से लौटने के बाद बोले- हम जो भी करने को कहेंगे वो करेंगे नेतन्याहू
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन से लौटकर कहा कि इजरायली PM नेतन्याहू उनकी हर बात मानेंगे। ईरान के साथ डील या युद्ध पर कोई जल्दबाजी नहीं है। ट्रंप ने नेतन्याहू को ‘युद्धकालीन प्रधानमंत्री’ बताया और कहा कि वे सबसे अच्छा परिणाम चाहते हैं।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे तनाव और संभावित सैन्य कार्रवाई को लेकर एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। इस बार उन्होंने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर बड़ा दावा किया है। चीन की यात्रा से लौटने के बाद ट्रंप ने कहा कि बेंजामिन नेतन्याहू उनकी हर इच्छा के अनुसार काम करेंगे और ईरान के साथ कोई समझौता करने में वे कोई जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं।
पत्रकारों से बात करते हुए, ट्रंप से पूछा गया कि उन्होंने हाल ही में ईरान पर संभावित हमले के संबंध में नेतन्याहू से क्या कहा है, जिस पर उन्होंने जवाब दिया, “वो ठीक हैं। मैं जो भी चाहूंगा, वो करेंगे। वो बहुत अच्छे इंसान हैं और महान नेता हैं।” ट्रंप ने नेतन्याहू को ‘Wartime Prime Minister’ भी बताया। ट्रंप कहते हैं-
“वह बहुत अच्छे आदमी हैं, मैं उनसे जो भी करने को कहूंगा, वह करेंगे। और वह एक शानदार इंसान हैं… यह मत भूलिए कि वह युद्धकाल के प्रधानमंत्री रह चुके हैं,”
ईरान डील पर ट्रंप का रुख
ट्रंप ने कहा कि वे ईरान के साथ सीमित समझौते के लिए तैयार हैं, जिसमें हॉर्मुज की खाड़ी खोलना और युद्धविराम को बढ़ाना शामिल हो सकता है। लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा, “हम इस मौके को एक बार आजमाएंगे। मैं कोई जल्दबाजी नहीं कर रहा। मिडटर्म चुनावों का दबाव मुझे प्रभावित नहीं करता।” उन्होंने आगे कहा, “आदर्श रूप से मैं कम से कम लोगों की मौत चाहता हूं, ज्यादा मौत नहीं।”
डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव जारी है। ट्रंप ने हाल ही में ईरान पर हमले की योजना को स्थगित कर दिया था। उन्होंने 2-3 दिन या सीमित समय का इंतजार करने की बात कही थी। इजरायल ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर चिंतित है, जबकि ट्रंप कूटनीतिक प्रयासों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 20 May 2026 at 20:37 IST