अपडेटेड 1 March 2026 at 07:29 IST

इजरायली हमले में मारा गया इतिहास का सबसे क्रूर शख्‍स खामेनेई, दामाद-बहू की भी मौत; डोनाल्‍ड ट्रंप ने किया बड़ा दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा करते हुए कहा कि इतिहास के सबसे क्रूर लोगों में से एक खामेनेई मारा गया है। वह हमारी इंटेलिजेंस और एडवांस्ड ट्रैकिंग सिस्टम से बच नहीं सका और इजराइल के साथ मिलकर किए गए ऑपरेशन के कारण खामेनेई और उनके साथ मौजूद दूसरे नेता कुछ नहीं कर सके।

इतिहास के सबसे बुरे व्यक्तियों में से एक खामेनेई मार गया है- ट्रंप | Image: ANI/X

Donald Trump claims Khamemei Death: इजरायल और अमेरिका ने शनिवार को ईरान में राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर हमले किए। इस दौरान ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई के ऑफिस के आस-पास की जगहों को भी निशाना बनाया गया था। अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस 'सैन्य अभियान' में खामेनेई के मारे जाने का दावा किया है।

ट्रंप ने एक लंबा-चौड़ा पोस्ट कर खामेनेई को इतिहास के सबसे क्रूर व्यक्तियों में से एक करार दिया। उन्होंने इसे ईरानी जनता के समेत अमेरिका और दुनियाभर के देशों के लिए न्याय बताया।

खामेनेई मारा गया- डोनाल्ड ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया ट्रुथ पर लिखा, 'इतिहास के सबसे क्रूर लोगों में से एक खामेनेई मारा गया है। यह सिर्फ ईरान के लोगों के लिए नहीं, बल्कि सभी महान अमेरिकियों और दुनिया भर के कई देशों के उन लोगों के लिए भी है, जिन्हें खामेनेई और उनके खून के प्यासे गुंडों ने मार डाला या घायल किया। वह हमारी इंटेलिजेंस और एडवांस्ड ट्रैकिंग सिस्टम से बच नहीं सका और इजराइल के साथ मिलकर किए गए ऑपरेशन के कारण खामेनेई और उनके साथ मौजूद दूसरे नेता कुछ नहीं कर सके।'

'अभी माफी मिल सकती है, बाद में सिर्फ मौत…'

ट्रंप के मुताबिक, ईरान के कई IRGC (रिवोल्यूशनरी गार्ड्स), मिलिट्री और दूसरी सिक्योरिटी और पुलिस फोर्स अब लड़ना नहीं चाहते हैं और अमेरिका से इम्यूनिटी (माफी की मांग) चाहते हैं। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि मध्य पूर्व में शांति के उद्देश्य को पूरा करने के लिए हमला पूरे हफ्ते बिना रुके या जरूरत के हिसाब से जारी रहेगा।

इसके अलावा ट्रंप ने इसे ईरानी जनता के लिए अपने देश को फिर से महान बनाने का सबसे बड़ा अवसर बताया। उन्होंने ईरानी सुरक्षा बलों को लेकर कहा, 'कई सैनिक और सुरक्षाकर्मी अब अपनी जान बचाने के लिए अमेरिका की तरफ देख रहे हैं। 'उन्हें अभी इम्यूनिटी (माफी) मिल सकती है, बाद में सिर्फ मौत मिलेगी। उम्मीद है कि रिवोल्यूशनरी गार्ड्स और पुलिस शांति से ईरानी पैट्रियट्स के साथ मिल जाएंगे और देश को महानता पर वापस लाने के लिए एक यूनिट के तौर पर मिलकर काम करेंगे जिसका वह हकदार है।'

खामेनेई के दामाद और बहू की भी मौत की खबर

उन्होंने यह भी दावा किया कि इस ऑपरेशन के दौरान सिर्फ खामेनेई की मौत ही काफी नहीं है, बल्कि देश महज एक दिन में बहुत ज्यादा तबाह हो गया है। यहां तक कि लगभग खत्म हो गया है। लेकिन अंतिम मकसद मिडिल ईस्ट और दुनियाभर में शांति लाना है। ट्रंप के अनुसार, ईरान को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अब वहां की जनता अपने भविष्य का फैसला खुद कर सकती है।

अमेरिका-इजरायल के हमलों में खामेनेई के अलावा उसके दामाद और बहू की भी मौत की खबर है। इसका दावा तेहरान सिटी काउंसिल के एक सदस्य ने किया है। 

इजरायली PM ने भी जताई थी संभावना

डोनाल्ड ट्रंप से पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी सैन्य ऑपरेशन में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई के मारे जाने की संभावना जताई थी। उन्होंने कहा था, 'हमने उस जगह पर निशाना साधा, जहां खामेनेई थे। इजरायल को नष्ट करने की योजना अब खत्म हो चुकी है और तानाशाह अली खामेनेई के न होने की बहुत ज्यादा संभावना है।'

यह भी पढ़ें: ऑपरेशन एपिक फ्यूरी और ऑपरेशन लायन रोअर क्या हैं? अमेरिका और इजरायल इस वजह से कर रहे ईरान पर हमला, यहां जानिए सबकुछ

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 1 March 2026 at 07:23 IST