ट्रंप ने माना, ईरान ने होर्मुज के पास मार गिराया अमेरिका का अपाचे हेलिकॉप्टर, भड़कते हुए बोले- इसका जवाब देना होगा
US Iran news: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट के ऊपर एक अमेरिकी अपाचे हेलिकॉप्टर को मार गिराने किया। उन्होंने बताया कि दोनों पायलट सुरक्षित हैं। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को इस हमले का जवाब देना होगा।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
US Iran War: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बार-बार शांति समझौते की बात करने के बावजूद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच ट्रंप ने एक गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर गश्त कर रहे अमेरिकी सेना के अत्याधुनिक अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिराया है। उन्होंने भड़कते हुए ईरान को इसका जवाब देने की बात कही है। इससे अमेरिका और ईरान के बीच जंग की आग एक बार फिर से भड़कती दिख रही है।
अमेरिका को इस हमले का जवाब देना होगा- ट्रंप
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक पोस्ट में लिखा, "मुझे अभी-अभी हमारी महान सेना से सूचना मिली है कि कल रात ईरानियों ने होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर गश्त कर रहे हमारे एक अत्याधुनिक अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिराया। इस घटना में दो पायलट शामिल थे, दोनों सुरक्षित और बिना किसी चोट के हैं। फिर भी, संयुक्त राज्य अमेरिका को इस हमले का जवाब देना होगा।"
हेलीकॉप्टर ओमान तट के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, दोनों एविएटर्स को लगभग दो घंटे पानी में रहने के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया। इस रेस्क्यू में अमेरिकी नौसेना की अनमैन्ड सरफेस ड्रोन बोट (ड्रोन नाव) ने अहम भूमिका निभाई।
ट्रंप ने नेतन्याहू से हमले रोकने की अपील की थी
इससे पहले इजरायल और ईरान के बीच फिर हमले शुरू हुए थे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से ईरान के मिसाइल हमलों का जवाब न देने की अपील की थी। ट्रंप ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इजराइल पलटवार करता है तो पिछले तीन महीनों से जारी संघर्ष को खत्म करने के लिए चल रही शांति वार्ता प्रभावित हो सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रविवार को ईरान द्वारा इजराइल पर मिसाइल दागे जाने के बाद ट्रंप ने नेतन्याहू से फोन पर बात की और उनसे संयम बरतने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने ईरान से भी बातचीत की मेज पर लौटने की अपील की थी।
जंग को तीन महीने से हुए ज्यादा
इस जंग की शुरुआत 28 फरवरी को तब हुई थी, जब इजरायल और अमेरिका ने संयुक्त रूप से ईरान पर हमले शुरू कर दिए। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई वरिष्ठ नेता मारे गए। अमेरिका और ईरान के बीच फिलहाल सीजफायर लागू है और दोनों देश के बीच समझौते को लेकर भी बातचीत चल रही है, लेकिन अबतक इसका कोई परिणाम नहीं निकल पाया है। इस बीच ईरान के अमेरिकी अपाचे हेलिकॉप्टर को मार गिराने और ट्रंप के जवाब देने की चेतावनी के बाद जंग की आग फिर भड़क सकती है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 9 June 2026 at 23:42 IST