अपडेटेड 24 January 2025 at 10:45 IST
'राष्ट्रपति पुतिन से मिलना चाहूंगा ताकि युद्ध को खत्म...', दावोस के WEF की बैठक में बोले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप
Donald Trump on Russia-Ukraine War: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह रूस के राष्ट्रपति व्हादिमिर पुतिन से जल्द मुलाकात करना चाहते हैं।
Donald Trump on Russia-Ukraine War: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सत्ता संभालते ही अमेरिकी नीतियों में बड़े बदलाव लाने के लिए एक के बाद एक फैसले सुनाए। अमेरिका की बागडोर संभालते ही ट्रंप के एक्शन अवतार ने हर किसी को चौंका दिया।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्विटजरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह रूस के राष्ट्रपति व्हादिमिर पुतिन से जल्द मिलना चाहते हैं। उनका मानना है कि रूस-यूक्रेन युद्ध से लाखों निर्दोष लोगों की जाने जा रही हैं। यह युद्ध बड़ी जनहानि की वजह बना है। ऐसे में इसे खत्म करने की जरूरत है। ट्रंप के अनुसार, इस युद्ध का अंत होना आर्थिक ही नहीं बल्कि मानवीय नजरिए से भी बेहद अहम है।
'राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात कर युद्ध को समाप्त…'
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कहा, '...मैं जल्द ही राष्ट्रपति पुतिन से मिलना चाहूंगा और उस युद्ध को समाप्त कराना चाहूंगा। यह अर्थव्यवस्था या किसी और दृष्टिकोण से नहीं है। यह उन लाखों लोगों के लिए है जो बर्बाद हो रहे हैं, युद्ध के मैदान में मर रहे हैं...।'
युद्ध खत्म कराने में चीन कर सकता है मदद- ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिका की शांति और समझौता कराने के प्रयास शुरू हो गए हैं। साथ ही चीन के साथ अमेरिका के अच्छे संबंधों पर बात करते हुए उम्मीद की कि चीन इस युद्ध को खत्म कराने में 'अहम भूमिका' निभा सकता है। अब ट्रंप के इस बयान को अमेरिका और रूस के बीच के रिश्तों में शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में एक सकारात्मक पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने 20 जनवरी को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली थी। इसी दिन पांच दिवसीय डब्ल्यूईएफ की वार्षिक बैठक भी शुरू हुई थी।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 24 January 2025 at 10:45 IST