व्हाइट हाउस के बाहर गोलियों की गूंज, वेंस का काफिला गुजरते ही हुई मुठभेड़; क्या है पूरा मामला?

व्हाइट हाउस के पास एक हथियारबंद संदिग्ध को सीक्रेट सर्विस ने गोली मारी है। बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह घटना घटी, उससे कुछ देर पहले ही उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का काफिला वहां से गुजरा था।

Donald Trump JD Vance | Image: AP

Donald Trump Inside White House Firing: व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के बाद एक बार फिर सुरक्षा से जुड़ी गंभीर घटना सामने आई है। व्हाइट हाउस परिसर के पास अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के एक अधिकारी के गोली चलाने की खबर ने हलचल मचा दी है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अनुसार, व्हाइट हाउस के पास एक हथियारबंद संदिग्ध के साथ उनकी मुठभेड़ हुई। इसी दौरान एक अधिकारी को गोली चलानी पड़ी।

बताया जा रहा है कि घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर एक बिजनेस कार्यक्रम में मौजूद थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी सुरक्षा में किसी प्रकार की कोई चूक नहीं हुई है।

सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरा

फायरिंग की घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया। व्हाइट हाउस परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके। फिलहाल इस घटना के पीछे की परिस्थितियां अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई हैं और जांच जारी है।

संदिग्ध को रोकने की कोशिश की तो भागने लगा...

अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने एक संदिग्ध को देखा गया, जिसके पास बंदूक होने का शक था। जब सीक्रेट सर्विस उसके पास पहुंची, तो वह भागने लगा और फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में सीक्रेट सर्विस को गोली चलानी पड़ी, जिसमें वह जख्मी हो गया। इसके बाद उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। अधिकारी के मुताबिक, जिस व्यक्ति को गोली लगी है उसकी पहचान और हालत से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

कुछ देर पहले ही गुजरा था जेडी वेंस का काफिला

इसके अलावा यह भी जानकारी सामने आई है कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का काफिला कुछ उस इलाके से कुछ ही देर पहले गुजरा था जब यह घटना हुई। लेकिन सीक्रेट सर्विस का कहना है कि काफिले को निशाना बनाने के कोई संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर इस घटना के बाद  व्हाइट हाउस में कुछ समय के लिए लॉकडाउन लागू करना जरूर पड़ गया था।

हाल ही में हुई थी ऐसी एक और घटना

इससे पहले वॉशिंगटन के एक होटल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट डिनर के दौरान एक व्यक्ति सुरक्षा चेक प्वाइंट को पार कर अंदर घुस गया था। इतना ही नहीं, उसने कथिततौर पर एक सीक्रेट सर्विस एजेंट पर बेहद करीब से गोली चलाई। इस दौरान एजेंट को सीने में गोली लगी। लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल उसकी जान बच पाई। इस मामले में 31 साल के कोल एलन पर राष्ट्रपति की हत्या की कोशिश का आरोप लगा।

यह भी पढ़ें: ईरान के तट के पास से गुजर रहे एक मालवाहक जहाज पर हमला

 

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 5 May 2026 at 09:48 IST