US-Iran war: रूस के बाद अब ईरान का तेल भी खरीद सकेगी दुनिया, जंग के बीच ट्रंप ने फिर लिया यूटर्न, कहा- फैसला अस्थायी
Iran War: मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच अमेरिका ने समुद्र में फंसे ईरान पर लगे तेल प्रतिबंधों में ढील दी है। यूएस ने ईरान को समुद्र में फंसे 140 मिलियन बैरल तेल बेचने की अस्थायी अनुमति दे दी है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
US-Iran war: अमेरिका-इजरायल और ईरान में जारी जंग को 22 दिन हो चुके हैं, लेकिन युद्ध थमने की जगह दिन पर दिन और भीषण होता जा रहा है। अमेरिका और इजरायल के ताबड़तोड़ हमले जारी हैं, तो ईरान भी पीछे हटने को तैयार नहीं। जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक और बड़ा कदम उठाया है। अब अमेरिका ने ईरान को करीब 140 मिलियन बैरल तेल बेचने की अस्थायी अनुमति दे दी है।
दरअसल, जंग के चलते वैश्विक बाजार में तेल की कीमतें बेकाबू हो रही हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि कीमतों को काबू में रखने के लिए यह फैसला लिया है।
एक महीने के लिए दी गई छूट
अमेरिका ने समुद्र में फंसे ईरानी तेल पर लगाए गए प्रतिबंधों को अस्थायी रूप से हटाने का फैसला लिया। ट्रंप प्रशासन की ओर से एक महीने के लिए विशेष अनुमति देते हुए इन प्रतिबंधों को 19 अप्रैल तक स्थगित किया गया है। यह उन तेल खेपों पर लागू होगी, जो शुक्रवार (20 मार्च) तक जहाजों में लोड की जा चुकी थीं।
बेसेंट ने बताया क्यों लिया फैसला?
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने इस फैसले के पीछे के तर्क को स्पष्ट करते हुए कहा कि इससे आपूर्ति पर पड़ रहे दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने X पर एक पोस्ट करते हुए कहा, “फिलहाल, प्रतिबंधित ईरानी तेल को चीन सस्ते दामों पर जमा कर रहा है। दुनिया के लिए इस मौजूदा आपूर्ति को अस्थायी रूप से खोलकर, अमेरिका लगभग 140 मिलियन बैरल तेल को वैश्विक बाजारों में तेजी से पहुंचाएगा, जिससे ईरान के कारण आपूर्ति पर पड़ रहे अस्थायी दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि यह अस्थायी, अल्पकालिक अनुमति पूरी तरह से केवल उस तेल तक सीमित है जो पहले से ही परिवहन में है, और यह किसी भी नई खरीद या उत्पादन की अनुमति नहीं देती है। इसके अलावा, ईरान को इससे होने वाली किसी भी आय तक पहुंचने में कठिनाई होगी। अमेरिका, ईरान और उसकी अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली तक पहुंचने की क्षमता पर अपना अधिकतम दबाव बनाए रखना जारी रखेगा।
मिशन ईरान पूरा होने को है- ट्रंप
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि मिशन ईरान पूरा होने को है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिका मिडिल ईस्ट में अपने सैन्य उद्देश्यों को पूरा करने के बहुत करीब है। अब वह अपने सैन्य अभियानों को 'समापन की ओर' ले जाने पर विचार कर रहा है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 21 March 2026 at 07:08 IST