'हम बहुत जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला...', डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर दी धमकी, जानिए क्यों अमेरिका के निशाने पर ईरानी पहाड़
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के एक सीक्रेट परमाणु साइट 'पिकैक्स माउंटेन' को निशाना बनाने की एक बार फिर खुली धमकी दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान के 'पिकैक्स माउंटेन' पर बहुत जल्द हमला कर सकता है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 4 min read
Donald Trump: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। ईरान का 'पिकैक्स माउंटेन' फिर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निशाने पर आ गया है। इस बेहद सुरक्षित ठिकाने को लेकर ट्रंप ने खुली चेतावनी देते हुए इसे जल्द उड़ाने की बात कही है।
डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अमेरिका ईरान के 'पिकैक्स माउंटेन' पर बहुत जल्द हमला कर सकता है। इसके अलावा उन्होंने ईरान के साथ छह महीने से भी अधिक समय से चल रहे टकराव को युद्ध मानने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच अंतराल वाला सैन्य संघर्ष हो रहा है जो वाशिंगटन के लिए छोटी बात है। ईरान के लिए अत्यधिक किलेबंद और भूमिगत परमाणु स्थल 'पिकैक्स माउंटेन' पर यह बयान ऐसे समय पर आया है जब दोनों देशों ने बीते कुछ महीनों में एक दूसरे के सैन्य ठिकानों को जमकर निशाना बनाया है। ऐसे में दोनों देशों के बीच टकराव बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है।
परमाणु हथियारों पर क्या बोले ट्रंप?
ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान का बचाव किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सैन्य कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य तेहरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है। इसके साथ ही, ट्रंप ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि अगर अमेरिका को ईरान के पिकैक्स माउंटेन पर कोई भी संदिग्ध गतिविधि मिलती है, तो उसे तुरंत निशाना बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियां इस पूरे क्षेत्र और वहां होने वाली गतिविधियों पर बेहद बारीकी से नजर रख रही हैं। ट्रंप ने कहा, 'हम पांच महीने से इस पर काम कर रहे हैं। आप जानते हैं कि हमने पांच महीनों में क्या किया? हमने सुनिश्चित किया कि उनके पास परमाणु हथियार न हों।' उन्होंने आगे कहा, 'ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होंगे, क्योंकि अगर होते तो शायद आप यहां ज्यादा देर तक खड़े नहीं होते।'
'हम पिकैक्स माउंटेन को खत्म कर देंगे'
इससे पहले ट्रंप ने जून 2026 में 'द ह्यू हेविट शो' को दिए इंटरव्यू में 'पिकैक्स माउंटेन' को लेकर सीधे तौर पर कहा था कि हम पिकैक्स को खत्म करने जा रहे हैं। ईरानियों को कह दो कि वह इसके लिए तैयार रहें।' उन्होंने यह भी कहा था, 'हम पिकएक्स माउंटेन पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। हमें वहां कोई गतिविधि नहीं दिख रही है। उनकी परमाणु स्थिति ठीक नहीं चल रही है। हर बार जब हम इसके बारे में सुनते हैं तो हम इसे उड़ा देते हैं। इसलिए वो इस बारे में बात करना पसंद नहीं करते हैं, लेकिन हम शायद जल्द ही पिकैक्स पर कार्रवाई करेंगे।'
ईरान का 'पिकैक्स माउंटेन' क्या और कहां है?
ईरान की नतांज यूरेनियम संवर्धन सुविधा के पास स्थित 'पिकैक्स माउंटेन' के नीचे दो गहरे सुरंग परिसरों का निर्माण किया गया है। विश्लेषकों के अनुसार, यह जगह एक बेहद मजबूत और अभेद्य किले के समान है। माना जा रहा है कि इस पहाड़ की गहराइयों में ईरान ने अपनी सबसे सुरक्षित सीक्रेट यूरेनियम एनरिचमेंट (संवर्धन) फैसिलिटी या 'वेपन्स-ग्रेड' के करीब वाले यूरेनियम का एक सुरक्षित भंडारण स्थल छिपा रखा है, जिसे किसी भी हवाई या मिसाइल हमले से बचाना आसान है।
'पिकैक्स माउंटेन' की ऊंचाई समुद्र तल से करीब 1600 मीटर है। इसके अंदर जमीन के काफी नीचे सुरंगों का एक बड़ा परिसर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां चार सुरंगों के मुहाने हैं, जो कि पहाड़ के अंदर बने एक परिसर तक पहुंचती है। यह परिसर जमीन से कम से कम 100 मीटर नीचे होने का अनुमान है। इसी गहराई के कारण यह जगह अमेरिका के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती बनी हुई है।
'ईरान में चल रहा संघर्ष छोटी…'
ट्रंप ने ईरान में चल रहे मौजूदा संघर्ष को छोटी बात बताया। उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के इस विचार का बचाव करते हुए कहा, ‘मैं समझ सकता हूं कि वह क्या कह रहे हैं। मैं इसे सैन्य संघर्ष कहता हूं, क्योंकि यह हमारे लिए छोटी बात है। यह कोई बड़ी बात नहीं है।’ डोनाल्ड ट्रंप के अनुसार, ईरान के साथ हुए टकराव में मारे गए अमेरिकी सैनिकों या नागरिकों का आंकड़ा हाल के कुछ अन्य अमेरिकी युद्धों की तुलना में काफी कम है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 5 September 2026 at 07:37 IST