अपडेटेड 22 March 2026 at 07:12 IST

US-Iran War: '48 घंटे का समय है, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज नहीं खोला तो...' ट्रंप ने ईरान को दिया अल्टीमेटम

Donald Trump threatens Iran: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए 48 घंटों का समय दिया है। उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने ऐसा नहीं किया तो तबाही होगी।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर ट्रंप का ईरान को अल्टीमेटम | Image: Republic

US-Israel-Iran War: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का गुस्सा बढ़ रहा है। अब उन्होंने ईरान को सख्त चेतावनी दी है। ट्रंप ने 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोलता तो अमेरिका उनके विभिन्न पावर प्लांट्स पर हमला करके उन्हें पूरी तरह से तबाह कर देगा।

ट्रंप ने ईरान को दिया 48 घंटों का समय

ट्रंप ने Truth Social प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट के जरिए ईरान को यह चेतावनी दी है। इसमें उन्होंने लिखा, "अगर ईरान, ठीक इस समय से 48 घंटों के भीतर, बिना किसी धमकी के, होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से नहीं खोलता है, तो संयुक्त राज्य अमेरिका उनके विभिन्न पावर प्लांट्स पर हमला करके उन्हें पूरी तरह से नष्ट कर देगा।" ट्रंप ने कहा कि इसकी शुरुआत सबसे बड़े प्लांट से होगी।

तय समय से कई हफ्ते पहले लक्ष्य हासिल किए- ट्रंप

दूसरे पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान को नक्शे से ही मिटा दिया है। फिर भी उनका एक मामूली सा विश्लेषक डेविड सैंगर कहता है कि मैंने अपने लक्ष्य पूरे नहीं किए हैं। नहीं, मैंने किए हैं और वह भी तय समय से कई हफ्ते पहले। उनका नेतृत्व खत्म हो चुका है, उनकी नौसेना और वायुसेना तबाह हो चुकी हैं, उनके पास बचाव का कोई जरिया नहीं बचा है और अब वे समझौता करना चाहते हैं, लेकिन मैं नहीं करना चाहता। ट्रंप ने कहा कि हम अपने तय कार्यक्रम से कई हफ्ते आगे चल रहे हैं। 

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर तनाव चरम पर पहुंच गया है। यह जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है। ईरान ने युद्ध के दौरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है, जिसके कारण कई तेल टैंकर और अन्य जहाज फंस गए हैं। इसके चलते वैश्विक तेल कीमतों में उछाल आया है और ऊर्जा संकट भी बढ़ रहा है। ऐसे में अमेरिका पर इस समुद्री मार्ग को सुरक्षित करने का दबाव भी बढ़ता जा रहा है। 

ईरान ने डिमोना पर किया मिसाइल अटैक

अमेरिका-इजरायल के ताबड़तोड़ हमलों और ट्रंप की इन चेतावनियों के बाद भी ईरान पीछे हटने को तैयार नहीं। ईरान की ओर से लगातार जोरदार पलटवार किया जा रहा है। ईरान ने इजरायल के दो शहरों अराद और डिमोना में मिसाइल हमले किए हैं, जिसमें 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। डिमोना में इजरायल का एक परमाणु केंद्र स्थित है।

यह भी पढ़ें: ईरान के साथ अमेरिका को युद्ध में झोंक फंस गए ट्रंप... 2 सेकंड में खात्मा करने की धमकी देने के बाद भी 3 हफ्ते में हालात कैसे हो गए बेकाबू?

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 22 March 2026 at 06:56 IST