'ट्रंप बोले- PM मोदी को फोन मिलाओ, मैंने कहा सुबह के 6 बजे होंगे तो जवाब मिला वो मेरी तरह...',सर्जियो गोर ने समझाया दोनों क्यों हैं सच्चे दोस्त
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि ट्रंप मियामी UFC में बैठे थे और अचानक बोले- मोदी को फोन करते हैं। गोर ने कहा, “सर, वहां सुबह 6 बजे हैं।” ट्रंप ने जवाब दिया, “वह जाग रहे होंगे, नींद नहीं आती उन्हें।”
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) ने हाल ही में IX USISPF लीडरशिप समिट 2026 में भारत-अमेरिका संबंधों की मजबूती पर एक दिलचस्प कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सच्चा दोस्त मानते हैं और दोनों नेताओं के बीच संबंध औपचारिक प्रोटोकॉल से परे हैं।
सर्जियो ने कुछ महीने पहले का एक किस्सा बताते हुए कहा कि ट्रंप मियामी में अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (UFC) इवेंट में थे। बैकस्टेज बैठे हुए उन्होंने अचानक राजदूत गोर से कहा, “चलो प्रधानमंत्री मोदी को फोन करते हैं।” गोर ने जवाब दिया कि भारत में अभी सुबह के 6 बजे हैं। लेकिन ट्रंप ने कहा,
“वह जाग रहे होंगे। वह मेरी तरह हैं। उन्हें नींद नहीं आती।”
सर्जियो गोर ने आगे बताया कि उस समय फोन कॉल अगले दिन के लिए टाल दी गई, लेकिन इस घटना से ट्रंप-मोदी रिश्ते की असली तस्वीर साफ हो जाती है। उन्होंने कहा, “जब आप किसी के दोस्त होते हैं, तो हर बात को छह हफ्ते पहले शेड्यूल करने की जरूरत नहीं पड़ती। दोस्त से तो बस फोन उठाकर पूछ लेते हैं कि कैसे हो। राष्ट्रपति ट्रंप भारत को इसी नजरिए से देखते हैं।”
"दोनों नेता एक जैसे हैं"
राजदूत गोर की इस टिप्पणी से साफ है कि दोनों नेता व्यस्त दिनचर्या के बावजूद एक-दूसरे से अनौपचारिक रूप से जुड़े रहते हैं। ट्रंप के पहले कार्यकाल से ही पीएम मोदी के साथ उनका अच्छा तालमेल रहा है। गोर ने जोर देकर कहा कि ट्रंप भारत के साथ व्यापार, रक्षा, टेक्नोलॉजी और निवेश के क्षेत्र में और मजबूत सहयोग चाहते हैं।
समिट में गोर ने इंडो-पैसिफिक कमांड के नाम पर हुए विवाद को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि लेटरहेड पर नाम से ज्यादा महत्वपूर्ण है कि दोनों देश वास्तव में क्या कर रहे हैं। भारत आज भी अमेरिका के साथ सबसे ज्यादा सैन्य अभ्यास करता है और रक्षा सहयोग निरंतर बढ़ रहा है।
मजबूत होंगे भारत-अमेरिका संबंध
राजदूत ने बताया कि अगले दो साल भारत-अमेरिका संबंधों को आने वाले दशकों के लिए आकार देंगे। प्रधानमंत्री मोदी के दिसंबर में G20 समिट के लिए अमेरिका आने की उम्मीद है और ट्रंप का भारत दौरा भी संभव है। गोर का कहना है कि यह रिश्ता लंबे समय का प्रोजेक्ट है, आज जो बोया जाएगा, वही आने वाले समय में फलेगा-फूलेगा।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 30 June 2026 at 16:20 IST