अपडेटेड 13 September 2025 at 07:19 IST
'आसान नहीं था फैसला', 50% टैरिफ थोपने पर आया डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- भारत संग बिगड़े रिश्ते, लेकिन...
Trump Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 50% टैरिफ लगाने और भारत संग रिश्तों पर बयान दिया है। उन्होंने माना कि इससे दोनों देशों के संबंध बिगड़े हैं। ट्रंप ने यह भी बताया कि क्यों भारत पर टैरिफ लगाने का फैसला उनके लिए आसान नहीं था?
Donald Trump on Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50% टैरिफ थोपने पर फिर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि ये फैसला कितना मुश्किल था और इससे भारत-अमेरिका के रिश्तों पर क्या असर पड़ा। उन्होंने कहा था कि रूस का भारत सबसे बड़ा ग्राहक है। भारत पर 50% टैरिफ इसलिए लगाया गया क्योंकि वे रूस से तेल खरीद रहे हैं। हालांकि ऐसा करना आसान काम नहीं था।
‘इससे नुकसान हो चुका है’
शुक्रवार (12 सितंबर) को अमेरिकी राष्ट्रपति ने टैरिफ के बाद भारत संग रिश्तों में आए तनाव पर अपनी बात रखी। ट्रंप ने यह भी माना कि इससे भारत के साथ मतभेद पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि इससे नुकसान हो चुका है। ट्रंप ने आगे यह भी कहा कि यह कदम मैं पहले ही उठा चुका हूं। मैंने कई बड़े फैसले लिए हैं। यह समस्या हमारी तुलना में यूरोप के लिए और ज्यादा गंभीर है।
दबाव के आगे नहीं झुका भारत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई देशों पर भारी भरकम टैरिफ लगाया, जिसमें भारत भी शामिल रहा। ट्रंप ने इंडिया पर पहले 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। इसके बाद रूस से तेल खरीदने के लिए उन्होंने 25% का अतिरिक्त टैक्स लगाया है। टैरिफ के जरिए अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत पर दबाव बनाने की काफी कोशिश की, लेकिन अबतक तो वो इसमें सफल होते नहीं दिखे। भारत ने ट्रंप के दबाव के आगे झुकने से इनकार कर दिया। भारत ने स्पष्ट किया कि वह देश की प्राथमिकता को सबसे ऊपर रखेगा।
ट्रंप ने PM मोदी को बताया अच्छा दोस्त
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को लेकर अपने सख्त रूख में नरमी भी देखने मिली। बीते दिनों उन्होंने फिर भारत की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाया। इस दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे अच्छा दोस्त बताया और जल्द उनसे बातचीत करने की बात कही थी। उन्होंने इस बात पर पूरा विश्वास भी जताया कि वॉशिंगटन और दिल्ली के बीच चल रही व्यापार वार्ता में 'सफल परिणाम' निकलेगा।
वहीं, ट्रंप की ओर से भारत के राजदूत के तौर पर नामित सर्जियो गोर ने बताया कि अगले हफ्ते वॉशिंगटन आने के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल को बुलाया गया है। दोनों देश समझौते के करीब हैं।
यह भी पढ़ें: Charlie Kirk की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, भरी सभा में गोली मारकर की थी Donald Trump के करीबी की हत्या
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 13 September 2025 at 07:19 IST