अपडेटेड 20 January 2026 at 16:26 IST
ट्रंप ने ग्रीनलैंड की धरती पर झंडा फहराते हुए शेयर की तस्वीर, कनाडा और वेनेजुएला को भी बताया अमेरिका का हिस्सा, दुनियाभर में बढ़ी हलचल
Donald Trump on Greenland: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो तस्वीरें शेयर कर दुनियाभर में उथल-पुथल मचा दी है। एक तस्वीर में वो ग्रीनलैंड की धरती पर अमेरिका का झंडा फहराते नजर आ रहे हैं। तो दूसरी में ग्रीनलैंड के साथ कनाडा और वेनेजुएला को भी अमेरिका का हिस्सा दिखाया गया है।
Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड को अमेरिका का हिस्सा बता दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें ग्रीनलैंड में ट्रंप अमेरिकी झंडा फहराते हुए नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने एक ऐसा मैप शेयर किया, जिससे दुनियाभर में उथल-पुथल मच सकती है। इस मैप में उन्होंने न सिर्फ ग्रीनलैंड, बल्कि कनाडा और वेनेजुएला को भी अमेरिका का हिस्सा दिखाया है।
ट्रंप ने शेयर की AI जनरेटेड तस्वीर
राष्ट्रपति ट्रंप ने जो तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल (Truth Social) पर शेयर की है, उसमें वे ग्रीनलैंड की धरती पर खड़े नजर आ रहे हैं। साथ में उनके हाथ में अमेरिकी झंडा भी हैं, जिसे वो फहरा रहे हैं। फोटो में उनके साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी दिख रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप के ठीक सामने एक साइन बोर्ड लगा है, जिसपर 2026 से ग्रीनलैंड को अमेरिका का इलाका बताया गया है। तस्वीर AI जनरेटेड लगती है।
कनाडा- वेनेजुएला को भी दिखाया अमेरिका का हिस्सा
वहीं, दूसरी तस्वीर में ट्रंप व्हाइट हाउस में यूरोपीय देशों के नेताओं के साथ बैठे हैं। इनमें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, इटली की जॉर्जिया मेलोनी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और अन्य शामिल हैं। ट्रंप के पास एक बोर्ड पर अमेरिका का नक्शा लगा हुआ है। इस मैप पर कनाडा, ग्रीनलैंड और वेनेजुएला को अमेरिका का हिस्सा दिखाया गया है।
कनाडा को ट्रंप ने कई बार अमेरिका का 51वां राज्य बताया है। जब जस्टिन ट्रूडो कनाडा के प्रधानमंत्री थे, तब अमेरिकी राष्ट्रपति ने उनके सामने ये बात कही थी। हालांकि कनाडा की सरकार ने उनके प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया। इसके बाद ट्रंप ने अमेरिका पर भारी भरकम टैरिफ थोपा था। वहीं, वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को न्यूयॉर्क लाने के बाद ट्रंप ने दावा किया था कि इस देश को अब अमेरिका चलाएगा।
ग्रीनलैंड पर कब्जे के लिए आर-पार के मूड में ट्रंप
ग्रीनलैंड पर तो ट्रंप कब्जा चाहते ही हैं। वो बार-बार खुले तौर पर कह रहे हैं कि ग्रीनलैंड को अमेरिका का हिस्सा बनाना जरूरी है। उनके इस कदम का विरोध करने वाले 8 यूरोपीय देशों पर वो 1 फरवरी से 10 प्रतिशत टैरिफ भी लगाने जा रहे हैं, जिसमें डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, नीदरलैंड, फिनलैंड शामिल हैं। उन्होंने समझौता न होने पर जून में टैरिफ को बढ़ाकर 25% करने की भी धमकी दी है।
इतना ही नहीं ट्रंप ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गाहर स्टोरे को एक पत्र भी भेजा है, जिसमें नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने पर उन्होंने अपनी खुन्नस निकाली है। उन्होंने कहा कि आपके देश ने 8 से ज्यादा युद्ध रुकवाने के बावजूद, मुझे नोबेल शांति पुरस्कार नहीं दिया। इसे देखते हुए अब मुझे केवल शांति के बारे में सोचने की कोई जिम्मेदारी महसूस नहीं होती। शांति अब भी हमेशा प्रमुख रहेगी, लेकिन अब मैं अमेरिका के लिए क्या सही और उचित है, इसके बारे में सोच सकता हूं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 20 January 2026 at 16:14 IST