'ईरान में ऐसी तबाही मचाऊंगा कि...', हत्या की आशंका के बीच डोनाल्ड ट्रंप की खुली चेतावनी, बोले- मैंने सेना को सबकुछ समझा दिया है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान उनकी हत्या करने में कामयाब होता है, तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई में अत्यधिक सैन्य बल का इस्तेमाल करेगा।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान उनकी हत्या करने में कामयाब होता है, तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई में अत्यधिक सैन्य बल का इस्तेमाल करेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्होंने पहले ही निर्देश दे दिए हैं। ट्रंप ने शुक्रवार को द न्यूयॉर्क पोस्ट से बातचीत में कहा, मैं काफी लंबे समय से उनकी सूची में हूं। हम इस स्थिति से निपट रहे हैं। ट्रंप ने दावा किया कि अगर ईरान उनकी हत्या करने में सफल होता है, तो उन्होंने पहले से ही ऐसी सैन्य कार्रवाई के निर्देश दे रखे हैं, जैसा दुनिया ने पहले कभी नहीं देखा होगा।
उन्होंने कहा कि ईरान पर इतिहास का सबसे भीषण बमबारी होगी। ट्रंप ने कहा कि ईरान वर्षों से उन्हें निशाना बनाना चाहता है, लेकिन फिलहाल उनके खिलाफ किसी नए हत्या के खतरे की कोई ताजा खुफिया जानकारी नहीं है। ट्रंप का यह बयान उस रिपोर्ट के बाद आया, जिसमें कहा गया था कि इजरायल ने अमेरिकी प्रशासन को ट्रंप के खिलाफ ईरानी साजिश से जुड़ी खुफिया जानकारी दी थी।
इजरायल ने दी खुफिया चेतावनी
इजरायल ने हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के लिए ईरान से गंभीर खतरे की खुफिया चेतावनी दी है। इजरायली खुफिया अधिकारियों का मानना है कि ईरान राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की नई साजिश पर काम कर रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, इस बारे में इजरायली अधिकारियों ने अमेरिका को जानकारी दी है।
जब उनसे इजरायल की तरफ से उनकी हत्या को लेकर ईरान की नई साजिश के बारे में चेतावनी के बारे में पूछा गया तो ट्रंप ने कहा कि यह कोई नया इनपुट नहीं था। उन्होंने कहा, नहीं, नहीं। इजरायल की तरफ से ऐसी कोई बात नहीं आई। नहीं, नहीं। मैं लंबे समय से नंबर 1 (ईरान की लिस्ट में) पर रहा हूं और जिंदगी ऐसी ही है। इसके बाद ट्रंप ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, मुझे उम्मीद है आप मुझे याद रखेंगे।
ईरान हमसे बातचीत चाहता है: ट्रंप
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर दावा किया कि ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत जारी रखने की इच्छा जताई है और अमेरिका इसके लिए तैयार हो गया है। हालांकि उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच लागू युद्धविराम अब समाप्त हो चुका है। ट्रंप ने लिखा, 'इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ने हमसे बातचीत जारी रखने का अनुरोध किया है। हमने इसके लिए सहमति दी है, लेकिन अमेरिका ने उन्हें साफ शब्दों में बता दिया है कि सीजफायर खत्म हो चुका है।'
जेडी वेंस ने ईरान पर लगाए आरोप
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने आरोप लगाया कि ईरान ने हॉर्मुज स्ट्रेट में वाणिज्यिक जहाजों पर हमले करके हालिया समझौते का उल्लंघन किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समुद्री यातायात में बाधा डालने की कोशिश दोबारा हुई, तो अमेरिका पहले से भी अधिक कठोर सैन्य कार्रवाई करेगा।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 11 July 2026 at 07:46 IST