मैंने 10 महीने में 8 युद्ध खत्म कराए, लेकिन रूस-यूक्रेन वॉर भयानक है, मुझे लगता है हम इसे रुकवाने में कामयाब होंगे- डोनाल्ड ट्रंप

रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवाने की अपनी कोशिशों के लिए ट्रंप ने एक बार फिर खुद की पीठ थपथपाई है। उन्होंने कहा है कि वो पूरी दुनिया में शांति ला रहे हैं।

Putin, Trump, Zelenskyy | Image: Republic

Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवाने की अपनी कोशिशों के लिए खुद की पीठ थपथपाई है। उन्होंने कहा कि वह दुनियाभर में शांति ला रहे हैं। ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने सिर्फ 10 महीनों में 8 युद्ध खत्म कराए हैं।

दरअसल, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध रोकने के लिए काफी लंबे समय से प्रयास किए जा रहे हैं। अमेरिका की मध्यस्थता में दोनों देशों के बीच दो राउंड की बैठक पूरी हो चुकी है। रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच तीसरे राउंड की बैठक जिनेवा में होगी।

ट्रंप ने फिर थपथपाई खुद की पीठ 

इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'हम पूरी दुनिया में शांति ला रहे हैं। मैंने सिर्फ 10 महीनों में 8 युद्ध खत्म कराए हैं। हमें कुछ और युद्ध खत्म करने हैं, लेकिन विशेषतौर पर रूस-यूक्रेन युद्ध बहुत भयानक है। मुझे लगता है कि हम वहां (युद्ध समाप्ति तक) पहुंच जाएंगे।'

रूस और यूक्रेन के बीच अगले दौर की वार्ता कब?

वहीं तुर्किए की न्यूज एजेंसी अनादोलू एजेंसी (एए) ने जानकारी दी कि बैठक का आयोजन 17-18 फरवरी को स्विट्जरलैंड के जिनेवा शहर में होगा।

रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच तीसरे राउंड की होने वाली बैठक को लेकर क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा, ‘इस बात पर सहमति बनी है कि यह बैठक अगले हफ्ते जरूर होगी। हम आपको जगह और सही तारीख बताएंगे। लेकिन बैठक अगले हफ्ते ही होगी।’

पिछली बैठक में क्या-क्या हुआ?

बता दें कि रूस और यूक्रेन ने जनवरी और फरवरी की शुरुआत में, संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता में शांति वार्ता के दो राउंड की बैठक पूरी हुई। दूसरे राउंड की बैठक में पहली बार दोनों पक्ष ने युद्धबंदियों की अदला-बदली पर सहमति जताई। हालांकि क्षेत्रीय व्यवस्था और युद्धविराम जैसे मुद्दों पर कोई ठोस सफलता मिल पाई।

बातचीत खत्म होने के बाद रूस और यूक्रेन की तरफ से कोई संयुक्त राजनीतिक या सुरक्षा बयान जारी नहीं किया गया। ऐसे में साफ जाहिर हो रहा है कि दोनों देशों केबीच जमीन विवाद, युद्धविराम और सुरक्षा की गारंटी जैसे मुद्दों पर मतभेद बरकरार है। 

अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने जानकारी साझा करते हुए बताया था कि अमेरिका, रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधियों के बीच कैदियों की अदला-बदली पर सहमत बनी है। उन्होंने बातचीत को ठोस और सकारात्मक बताया, लेकिन यह भी स्पष्ट कहा कि पूरे विवाद का समाधान निकालने के लिए अभी और अधिक प्रयास करने होंगे।

यह भी पढ़ें: अमेरिका को समझ आ गई भारत की अहमियत... ये बयान सुनकर फड़फड़ा उठेगा चीन!

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 14 February 2026 at 07:03 IST