US-Iran Deal: रविवार को होगी अमेरिका और ईरान के बीच 'महाडील' साइन? ट्रंप का बड़ा दावा, कहा- सबके लिए खुल जाएगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज

US-Iran Peace Deal: डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि अमेरिका और ईरान के बीच पीस डील पर रविवार, 14 जून को साइन होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि ईरान के साथ होने वाला यह समझौता आखिर कैसा होगा?

ईरान के साथ डील को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा | Image: Republic

Donald Trump on Iran: अमेरिका और ईरान जंग को लेकर रविवार (14 जून) का दिन अहम हो सकता है। ट्रंप का दावा है कि कल ईरान के साथ डील साइन होने वाली है। उन्होंने कहा कि समझौते पर साइन होते ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सबके लिए खोल दिया जाएगा। साथ ही ट्रंप ने यह भी बताया कि ईरान के साथ होने वाला यह समझौता आखिर कैसा होगा?

डील को लेकर ट्रंप का पोस्ट

ईरान संग समझौते को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने Truth Social पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने कहा, "ईरान के साथ बराक हुसैन ओबामा की डील, यानी JCPOA, परमाणु हथियार पाने का एक आसान, शानदार और सीधा रास्ता थी। अगर वह डील रहती, तो ईरान के पास छह साल पहले ही परमाणु हथियार आ जाते और वे अब तक उनका इस्तेमाल भी कर चुके होते। ईरान के साथ मेरा समझौता ठीक इसके उलट है- परमाणु हथियार न पाने की एक मजबूत दीवार।"

उन्होंने आगे कहा कि असल में, अब वे परमाणु हथियार नहीं चाहते और न ही उन्हें यह मिलेगा- चाहे खरीदकर, बनाकर या किसी और तरीके से। यह डील कल साइन होने वाली है और साइन होते ही होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) सभी के लिए खुल जाएगा। ईरान के साथ हमारे रिश्ते पिछली सरकारों के मुकाबले बहुत अलग और बेहतर हैं।

'कोई पैसे का लेन-देन नहीं होगा'

ट्रंप ने कहा कि ओबामा ने उन्हें जो अरबों डॉलर दिए थे (जिसमें 1.7 अरब डॉलर नकद/कैश भी शामिल था), उसके उलट अब कोई पैसे का लेन-देन नहीं होगा। सही समय आने पर, जब हालात शांत हो जाएंगे, तो हम अपने शानदार B-2 बॉम्बर और उनके बेहतरीन पायलटों की मदद से वहां जाकर उस परमाणु सामग्री (न्यूक्लियर डस्ट) को निकालेंगे- जो ग्रेनाइट के पहाड़ों के नीचे गहराई में दबी है और उसे ईरान या अमेरिका, कहीं भी कमजोर करके नष्ट कर देंगे। हम भविष्य में ईरान और पूरे मध्य पूर्व (Middle East) के साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्साहित हैं। उम्मीद है कि यह प्रक्रिया जल्दी, आसानी से और बिना किसी रुकावट के पूरी हो जाएगी। अगर ऐसा नहीं होता है, तो हमारे पास सबसे आखिरी विकल्प भी मौजूद है। उम्मीद है कि उसका इस्तेमाल कभी नहीं करना पड़ेगा।

शहबाज शरीफ ने भी किया था दावा, ईरान ने किया खारिज

इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी दावा किया था कि अगले 24 घंटे के भीतर अमेरिका और ईरान के  बीच इस पीस डील पर बात पूरी तरह फाइनल हो जाएगी और इस पर डिजिटल यानी इलेक्ट्रॉनिक तरीके से हस्ताक्षर भी हो सकते हैं। हालांकि, ईरान ने तुरंत उनके इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया।

सरकारी मीडिया के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि 'इस्लामाबाद मेमोरेंडम' पर हस्ताक्षर करने का सही समय रविवार नहीं होगा। बघाई ने कहा कि आने वाले दिनों में इस पर हस्ताक्षर होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि दूसरी तरफ से हिचकिचाहट की वजह से हस्ताक्षर की तारीख पर कोई भी टिप्पणी करने में सावधानी बरतने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें: PM Modi-Donald Trump Meeting: फ्रांस में मिलेंगे पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप, व्हाइट हाउस ने मुलाकात पर लगाई मुहर
 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 13 June 2026 at 23:14 IST