'युद्ध बहुत लंबा हो गया, मैं खुश नहीं, हिजबुल्लाह के खिलाफ इजरायल से बेहतर सीरिया...', ट्रंप ने फिर निकाली भड़ास, क्या करेंगे नेतन्याहू?

Donald Trump ने इजरायल की हिजबुल्लाह के खिलाफ लड़ाई की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि संघर्ष बहुत लंबा चल रहा है और कई आम नागरिक मारे जा रहे हैं। ट्रंप ने सुझाव दिया कि सीरिया के राष्ट्रपति को यह लड़ाई सौंपी जाए क्योंकि वे बेहतर काम कर सकते हैं। उन्होंने बेरूत हमले पर भी नाराजगी जताई, जो ईरान सौदे से पहले हुआ था।

क्या करेंगे नेतन्याहू? | Image: Republic

फ्रांस में चल रहे G7 शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल की लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ चल रही सैन्य कार्रवाई की खुलकर आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष बहुत लंबे समय से चल रहा है और इसमें बहुत से आम नागरिकों की जान जा रही है।

ट्रंप ने सुझाव दिया कि इजरायल इस लड़ाई को सीरिया को सौंप दे, क्योंकि सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा (Ahmed al-Sharaa ) इसे बेहतर तरीके से संभाल सकते हैं। ट्रंप ने इजरायल से अपील की कि हर बार किसी व्यक्ति को ढूंढने के लिए अपार्टमेंट इमारतों को ध्वस्त नहीं करना चाहिए, क्योंकि उनमें कई आम लोग रहते हैं जो हिजबुल्लाह से जुड़े नहीं हैं। उन्होंने कहा,

“इजरायल हिजबुल्लाह से बहुत लंबे समय से लड़ रहा है और बहुत से लोग मारे जा रहे हैं।”

बेरूत हमले पर नाराजगी

ट्रंप ने विशेष रूप से इजरायल के बेरूत पर हालिया हमले पर नाराजगी जताई, जो अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम शांति समझौते की घोषणा से ठीक पहले हुआ था। उन्होंने कहा कि उन्हें यह पसंद नहीं आया कि समझौते से कुछ घंटे पहले ही लेबनान में हमला हो गया।

ट्रंप ने इजरायल की लेबनान और हिजबुल्लाह के खिलाफ रणनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “मैं इजरायल के लेबनान और हिजबुल्लाह के साथ व्यवहार से खुश नहीं हूं। उन्हें यह काम तेजी से पूरा कर लेना चाहिए था। यह हमेशा के लिए चलता रहता है, जिससे बड़ा सौदा प्रभावित होता है और वह सौदा ईरान के साथ है।"

सीरिया को सौंपी जाए लड़ाई?

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल को एक महत्वपूर्ण सुझाव भी दिया। उन्होंने इजरायल से कहा कि वे सीरिया को हिजबुल्लाह के खिलाफ लड़ाई की जिम्मेदारी सौंप दें। ट्रंप के अनुसार, सीरिया के राष्ट्रपति इस काम को बेहतर तरीके से कर सकते हैं। ट्रंप ने अहमद अल-शरा की तारीफ करते हुए कहा, “वे बहुत सक्षम हैं और मेरे लिए बहुत अच्छे रहे हैं। उन्होंने मेरे हर अनुरोध की रक्षा की है। अगर इजरायल बिना दूसरों को मारे काम नहीं कर पा रहा है, तो सीरिया यह काम करेगा।”

इजरायल ने किया ईरान डील का विरोध

ट्रंप की ये टिप्पणियां ऐसे समय आई हैं जब अमेरिका-ईरान डील की घोषणा के बाद मध्य पूर्व में शांति की उम्मीदें बढ़ी हैं, लेकिन लेबनान और इजरायल के बीच तनाव अभी भी जारी है। ट्रंप का यह बयान इजरायल के साथ उनके संबंधों में तनाव को दर्शाता है। अब देखना ये है कि बेंजामिन नेतन्याहू ती तरफ से क्या प्रतिक्रिया आती है।

इससे पहले इजरायल ने अमेरिका-ईरान के इस अंतरिम शांति समझौते का भी खुलकर विरोध किया है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वे ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए लड़ाई जारी रखेंगे। कई इजरायली नेताओं और विशेषज्ञों का मानना है कि यह डील इजरायल के हितों के खिलाफ है और इससे ईरान की क्षेत्रीय ताकत बढ़ सकती है।

ये भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान युद्ध में शांति दूत बन रहे पाकिस्तान पर भड़का अमेरिकी एक्सपर्ट, कहा- वो भरोसे लायक नहीं, ओसामा बिना लादेन को होस्ट करके...

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 16 June 2026 at 17:45 IST