अपडेटेड 6 March 2026 at 09:00 IST
'पहले इस युद्ध को खत्म करने दो फिर...', ईरान के बाद अमेरिका का अगला निशाना कौन? डोनाल्ड ट्रंप ने खुद बताया टारगेट
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मौजूदा वक्त में अमेरिका का पूरा फोकस ईरान के खिलाफ चल रही कार्रवाई पर है। इस दौरान उन्होंने अपने अगले टारगेट का भी संकेत दिया।
Donald Trump: अमेरिका ने ईरान के सैन्य और परमाणु ठिकानों को निशाना बनाते हुए सैन्य अभियान तेज कर दिए हैं। इसके बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मनमाफिक नतीजा मिलता नहीं दिख रहा है। इस बीच उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि फिलहाल अमेरिका की पहली प्राथमिकता ईरान के साथ चल रहे संघर्ष को खत्म करना है। इसके बाद उनका पूरा ध्यान क्यूबा की तरफ जाएगा।
दरअसल, मेजर लीग सॉकर चैंपियन 'इंटर मियामी सीएफ' के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित के दौरान ट्रंप ने मध्य पूर्व संघर्ष पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मौजूदा वक्त में अमेरिका का पूरा फोकस ईरान के खिलाफ चल रही कार्रवाई पर है।
...फिर क्यूबा पर ध्यान होगा- ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, 'हम पहले इस (ईरान) युद्ध को खत्म करना चाहते हैं। लेकिन उसके बाद ज्यादा समय नहीं लगेगा जब अमेरिका का ध्यान क्यूबा की ओर जाएगा।'
ट्रंप ने आगे दावा किया कि क्यूबा वाशिंगटन के साथ समझौता करने के लिए उत्सुक है। वहां रहने वाले कई लोग आने वाले समय में अपने देश लौट सकेंगे।
'ईरानी सैन्य ताकत को भारी नुकसान पहुंचा'
इसके अलावा उन्होंने ईरान के खिलाफ जारी सैन्य अभियान की रिपोर्ट भी पेश की। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका और इजरायल मिलकर दुश्मन को युद्ध में तय समय से काफी पहले ध्वस्त कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरानी सैन्य ताकत को भारी नुकसान पहुंचा है। ईरान के पास अब न ही वायु सेना और न ही प्रभावी हवाई रक्षा प्रणाली बची है।
ईरान के 24 जहाज नष्ट- ट्रंप का दावा
डोनाल्ड ट्रंप के अनुसार, अमेरिकी सेना ने महज तीन दिन में ईरान के 24 जहाजों को नष्ट कर दिया, जिससे उनकी नौसेना की शक्ति खत्म हो गई है। उन्होंने इन सैन्य अभियान के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। फिलहाल इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
भुगतने पड़ सकते हैं गंभीर परिणाम- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि ईरानी नेतृत्व अब युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत का रास्ता तलाश रहे हैं। वह अमेरिका से समझौते की बात करना चाह रहे हैं। हालांकि ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका फिलहाल युद्ध जारी रखने के मूड में है। उनके मुताबिक, ईरान ने यह रुख अपनाने में थोड़ी देरी कर दी है। साथ ही चेतावनी दी कि संघर्ष जारी रखने के परिणाम और भी गंभीर हो सकते हैं।
वैश्विक तेल बाजार रणनीति
इस बीच उन्होंने वैश्विक तेल बाजार पर भी बात की। उन्होंने कहा कि तेल की कीमतें अब काफी हद तक स्थिर हो गई हैं। हमने कीमतों को बहुत कम रखा था, लेकिन युद्ध के कारण हमें कुछ प्राथमिकताओं में बदलाव करना पड़ा है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 6 March 2026 at 08:36 IST