पहले दिया 60 दिनों का अल्‍टीमेटम, फिर दिखाई ईरान को हेकड़ी... ट्रंप ने दी होर्मुज में टोल लगाने की धमकी; क्‍या युद्ध का खर्चा निकालने की है प्‍लानिंग?

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे 60 दिनों के शांति समझौते के बीच बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से कोई भी टोल नहीं लिया जाएगा।

Donald trump | Image: AP

Donald Trump: अमेरिका और ईरान के बीच लगभग 100 दिनों के युद्ध के बाद समझौता हो गया है। समझौते की बाकी शर्तें किस तरह से पूरी होनी है, इसे लेकर अगले 60 दिनों में बात होगी। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सीजफायर के दौरान 60 दिनों तक होर्मुज स्ट्रेट में कोई टोल नहीं लगेगा।

डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुश सोशल पर पोस्ट में लिखा, 'सीजफायर (युद्ध-विराम) के दौरान 60 दिनों तक होर्मुज स्ट्रेट (Hormuz Strait) में कोई टोल नहीं लगेगा। यह 60 दिनों का समय खत्म होने के बाद भी बरकरार रहेगा, जब तक की अमेरिका की तरफ से टोल न लगाया जाए।'

ट्रंप बोले- होर्मुज पर अमेरिका वसूलेगा टोल अगर…

उन्होंने आगे लिखा, 'अगर समझौता या डील पूरी नहीं होती है, उस स्थिति में यह टोल उन सेवाओं के लिए होगा जो अमेरिका ने मिडिल ईस्ट के देशों को 'गार्जियन एंजेल' (रक्षक) बनकर दी है। इसमें पुराने, मौजूदा और भविष्य के खर्चों की भरपाई शामिल है।'

ईरान का होर्मुज स्ट्रेट बंद करने का ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय पर सामने आया है, जब ईरान के खातम अल-अंबिया हेडक्वार्टर ने घोषणा की है कि होर्मुज स्ट्रेट को जहाजों के लिए 'बंद' किया जा रहा है।

शनिवार को ईरान के खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर ने अमेरिका के MoU का उल्लंघन करने, इजरायल के दक्षिणी लेबनान से पीछे हटने से इनकार करने और देश पर लगातार हमले जारी रखने के बाद आधिकारिक तौर पर होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को सभी समुद्री यातायात के लिए बंद करने की घोषणा की।

अमेरिका ने ईरान के दावों का किया खंडन

उधर, अमेरिका ने खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के दावों का खंडन किया था। अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा था कि होर्मुज पूरी तरह से खुला है। उनका कहना है कि हमें ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है कि ईरानियों ने होर्मुज स्ट्रेट को अभी भी बंद कर रखा है।

होर्मुज स्ट्रेट से 20 प्रतिशत कच्चे तेल की सप्लाई

जान लें कि होर्मुज स्ट्रेट की गिनती दुनिया के सबसे व्यस्त तेल परिवहन रास्तों में से एक में होती है। इस रास्ते से दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत कच्चे तेल और एलएनजी की आपूर्ति होकर गुजरती है।

ईरान-अमेरिका के बीच होनी है बातचीत

बता दें कि आज यानी 21 जून को स्विट्जरलैंड में ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता होने जा रही है। इसकी पुष्टि पाकिस्तान, ईरानी विदेश मंत्रालय और अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस कर चुके हैं। 

यह भी पढ़ें: पीस डील की ऐसी की तैसी... होर्मुज फिर बंद, इजरायल ने लेबनान पर हमले कर ली 18 की जान तो भड़के ईरान का बड़ा एक्शन, क्या करेंगे ट्रंप?
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 21 June 2026 at 08:31 IST