अपडेटेड 21 March 2026 at 10:32 IST
Iran War: ...तो थमने वाला है ईरान युद्ध? ट्रंप ने दिए मिलिट्री ऑपरेशन समेटने के संकेत, बोले- हम अपने लक्ष्यों को पूरा करने करीब
Donald Trump on Iran War: ईरान युद्ध के 22वें दिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है, जिससे जंग थमने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम अपने लक्ष्यों को पूरा करने के बेहद करीब हैं और...
US-Israel-Iran war news: अमेरिका-इजरायल और ईरान में जारी जंग को 22 दिन हो चुके हैं और युद्ध खतरनाक मोड़ पर है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जंग पर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने अपने ईरान में जारी सैन्य अभियान को समेटने के संकेत दे दिया। उन्होंने कहा कि वह अपने लक्ष्य हासिल करने के बेहद करीब हैं और अब अपने सैन्य प्रयासों को धीरे-धीरे समाप्त करने पर विचार कर रहे हैं।
ट्रंप ने पोस्ट में क्या लिखा?
ट्रंप ने ये बातें Truth Social पर एक पोस्ट के जरिए कहीं। उन्होंने लिखा, "हम अपने लक्ष्यों को पूरा करने के बहुत करीब पहुंच रहे हैं। हम मध्य पूर्व में ईरान के आतंकवादी शासन के संबंध में अपने महान सैन्य प्रयासों को धीरे-धीरे समाप्त करने पर विचार कर रहे हैं।"
ट्रंप ने गिनाए पांच लक्ष्य…
उन्होंने अमेरिका के 5 लक्ष्य भी गिनाए। उन्होंने कहा कि इसमें ईरान की मिसाइल क्षमताओं, लॉन्चरों और उनसे संबंधित हर चीज को पूरी तरह से नष्ट करना, ईरान के रक्षा औद्योगिक आधार को तबाह करना, उनकी नौसेना और वायु सेना को खत्म करना, जिसमें विमान-रोधी हथियार भी शामिल हैं।
ट्रंप ने आगे लिखा कि इनके अलावा ईरान को परमाणु क्षमता के करीब भी कभी न पहुंचने देना, हमेशा ऐसी स्थिति में रहना जहां अमेरिका ऐसी किसी भी स्थिति के उत्पन्न होने पर, तुरंत और जोरदार तरीके से प्रतिक्रिया दे सके। साथ ही हमारे मध्य पूर्वी सहयोगियों- जिनमें इजरायल, सऊदी अरब, कतर, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत और अन्य शामिल हैं- उनकी उच्चतम स्तर पर सुरक्षा करना भी शामिल है।
‘अन्य देशों को करनी होगी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की निगरानी’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर भी अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा और निगरानी, आवश्यकतानुसार, उन अन्य देशों द्वारा की जानी होगी जो इसका उपयोग करते हैं। अमेरिका इसका उपयोग नहीं करता। अगर अनुरोध किया गया, तो हम इन देशों की होर्मुज संबंधी प्रयासों में सहायता करेंगे, लेकिन ईरान का खतरा समाप्त हो जाने के बाद इसकी जरूरत नहीं पड़नी चाहिए। उनके लिए यह एक आसान सैन्य अभियान होगा।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 21 March 2026 at 10:32 IST