अपडेटेड 19 July 2025 at 07:03 IST
'...ये विश्व युद्ध हारने जैसा', डॉलर पर डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान, BRICS को लेकर बोले- तेजी से हो रहा है लुप्त
Donald Trump News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार ब्रिक्स पर हमलावर हैं। उन्होंने कहा है कि ब्रिक्स ने डॉलर, डॉलर के प्रभुत्व और डॉलर के मानक पर कब्जा करने की कोशिश की और करना चाहता था। डॉलर का गिरना विश्व युद्ध हारने जैसा होगा।
Donald Trump news: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप डॉलर की बादशाहत बनाए रखने के लिए आक्रामक है। उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि डॉलर का दर्जा छिनना विश्व युद्ध हारने जैसा होगा। वहीं इस दौरान वो एक बार फिर ब्रिक्स देशों (ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका) पर हमलावर होते नजर आए। ट्रंप का कहना है कि ब्रिक्स तेजी से लुप्त हो रहा है।
ट्रंप लगातार ब्रिक्स पर निशाने साध रहे हैं। उन्होंने उन देशों पर 10 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाने की बात कही है, जो इस समूह का हिस्सा हैं। उन्होंने एक बार फिर अपने इसी बयान को दोहराया।
ब्रिक्स पर फिर बरसे ट्रंप
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "यह (जीनियस एक्ट) वास्तव में अमेरिकी डॉलर को मजबूत कर रहा है और डॉलर को एक बड़ी प्रमुखता दे रहा है। BRICS नाम का एक छोटा सा समूह है, और यह तेजी से लुप्त हो रहा है। लेकिन ब्रिक्स ने डॉलर, डॉलर के प्रभुत्व और डॉलर के मानक पर कब्जा करने की कोशिश की और करना चाहता था।"
उन्होंने आगे कहा कि मैंने कहा था कि ब्रिक्स देशों के समूह में किसी पर भी हम 10% टैरिफ लगाएंगे और इसके अगले ही दिन उनकी बैठक हुई और लगभग कोई भी नहीं आया।
हम डॉलर को गिरने नहीं देंगे- ट्रंप
इस दौरान ट्रंप ने यह भी कहा कि हम डॉलर को गिरने नहीं देंगे। अगर हम दुनिया की आरक्षित मुद्रा के रूप में डॉलर का दर्जा खो देते हैं, तो यह विश्व युद्ध हारने जैसा होगा। जब मैंने ब्रिक्स के छह देशों के इस समूह के बारे में सुना, तो मैंने उन पर कड़ी चोट की। अगर वे कभी भी सार्थक रूप से संगठित होते हैं, तो यह बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा।
जीनियस एक्ट पर किए साइन
इससे पहले व्हाइट हाउस ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि शुक्रवार, 18 जुलाई 2025 को राष्ट्रपति ट्रंप ने जीनियस अधिनियम नाम के एक एक्ट पर साइन किए। ये भुगतान स्टेबलकॉइन के विनियमन और अन्य उद्देश्यों के लिए प्रावधान करता है। जीनियस अधिनियम एक ऐसा कानून है जो वैश्विक डिजिटल मुद्रा क्रांति का नेतृत्व करने के लिए लाया गया है। इस पर साइन करते हुए ट्रम्प ने मजाकिया अंदाज में कहा, "जीनियस एक्ट... उन्होंने इसका नाम मेरे नाम पर रखा है। यह एक बहुत ही शानदार अधिनियम है।"
यह भी पढ़ें: Non Veg Milk: क्या बला है ये नॉन वेज मिल्क? अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड डील में क्यों बन रहा रुकावट
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 19 July 2025 at 07:03 IST