अपडेटेड 10 December 2025 at 10:08 IST

'मैं एक फोन कॉल करके...' थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी भीषण जंग के बीच ट्रंप का बड़ा ऐलान, भारत-PAK को लेकर भी दोहराया पुराना राग

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने फिर दावा किया है कि वो थाईलैंड और कंबोडिया के बीच युद्ध को रोकने जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अब तक आठ युद्धों को रोकने का दावा भी किया है।

थाईलैंड-कंबोडिया जंग पर ट्रंप का बड़ा ऐलान | Image: AP

थाईलैंड और कंबोडिया एक बार फिर आमने-सामने है। दोनों देशों के बीच सीमा पर जंग जारी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा करीब दो महीने पहले करवाए गए दोनों देशों के बीच युद्धविराम समझौता टूट गया है।  थाईलैंड ने कंबोडिया की सीमा पर भारी एयरस्ट्राइक की, जिसमें कंबोडियाई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। अब राष्ट्रपति ट्रंप ने दो ताकतवर देशों के बीच जारी युद्ध को लेकर बड़ी बात कही है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया है कि वो एक बार फिर थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी भीषण जंग को रोकने जा रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि मैं एक फोन कॉल करके दो बहुत ताकतवर देशों, थाईलैंड और कंबोडिया की लड़ाई रोकूंगा। पेंसिल्वेनिया में एक रैली में ट्रंप ने उन लड़ाइयों की लिस्ट भी गिनाई जिसे रोकने का वो दावा करते है। इस दौरान उन्होंने भारत-पाकिस्तान जंग का भी जिक्र किया।

एक फोन कॉल करके युद्ध रूकवा दूंगा-ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "10 महीनों में, मैंने कोसोवो-सर्बिया, पाकिस्तान और भारत समेत आठ युद्ध खत्म किए। वे लड़ रहे थे। इजराइल और ईरान, मिस्र और इथियोपिया। आर्मेनिया और अज़रबैजान। मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है, कंबोडिया और थाईलैंड आज शुरू हो गए। कल मुझे एक फोन कॉल करना है। मैं एक फोन कॉल करके दो बहुत ताकतवर देशों, थाईलैंड और कंबोडिया के बीच युद्ध को रोकने जा रहा हूं। हम ताकत से शांति बना रहे हैं।"

क्यों हो रही थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जंग?

बता दें कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लंबे समय से अपनी 817 किलोमीटर की बॉर्डर को लेकर डिस्प्यूट चल रहा है। इधर बुधवार को तीसरे दिन भी विवादित सीमा के कुछ हिस्सों में झड़पें जारी रहीं। दोनों पक्षों ने सीजफायर टूटने के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने कड़ा रुख अपनाते हुए कंबोडिया के साथ बातचीत या सीजफायर बहाल करने में ट्रंप या दूसरे मीडिएटर की भूमिका से इनकार कर दिया है। दोनों देशों के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद आपसी व्यापार बंद कर दिए हैं और यात्रा पर भी प्रतिबंध लगाए दिए गए हैं। 
 

यह भी पढ़ें: भारत दौरे से लौटते ही पुतिन ने कह दी ऐसी बात, जल भुन उठेंगे ट्रंप

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 10 December 2025 at 10:08 IST