अपडेटेड 27 July 2025 at 10:03 IST
डोनाल्ड ट्रंप की धमकी का थाईलैंड-कंबोडिया पर नहीं दिखा असर, बॉर्डर पर चौथे दिन भी गूंजी तोपें, युद्ध विराम की अपील बेअसर
थाईलैंड और कंबोडिया की लड़ाई में कम से कम 33 लोग मारे गए हैं और 1,68,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। दोनों देशों के बीच रविवार को भी संघर्ष जारी रहा।
Thailand-Cambodia Clash : थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चौथे दिन भी सीमा विवाद जारी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की युद्धविराम अपील के बावजूद रविवार सुबह को दोनों देशों की सेनाओं में गोलाबारी जारी रही। इस लड़ाई में अभी तक कम से कम 33 लोग मारे गए हैं और 1,68,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।
रविवार सुबह बॉर्डर से करीब 20 किलोमीटर दूर कंबोडिया के सम्रोंग शहर में तोपों की लगातार गूंज सुनाई दी। 20 किलोमीटर दूर तक बम धमाकों की आवाज सुनाई देना बताया है कि सीमा पर हालात अभी भी तनावपूर्ण हैं। न्यूज एजेंसी AP के अनुसार शनिवार को कई सीमावर्ती गांवों के पास तोपखाने और छोटे हथियारों से गोलीबारी की खबरें आईं, जिससे संघर्ष का दायरा और बढ़ गया।
ऐतिहासिक मंदिरों को लेकर विवाद
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच 800 किलोमीटर (500 मील) की सीमा को लेकर दशकों से विवाद है। दोनों देशों में मुख्य रूप से उन क्षेत्रों को लेकर विवाद है, जहां ऐतिहासिक मंदिर स्थित हैं। दोनों देश इन स्थलों पर अपना-अपना दावा करते हैं। थाईलैंड और कंबोडिया ने अपने-अपने राजदूतों को वापस बुला लिया है और थाईलैंड ने कंबोडिया के साथ अपनी सीमा को बंद कर दिया। ताजा तनाव मई में तब और बढ़ गया जब एक टकराव में कंबोडियाई सैनिक की मौत हो गई, जिससे कूटनीतिक दरार पैदा हो गई और थाईलैंड की घरेलू राजनीति में उथल-पुथल मच गई।
सीमा पर गुरुवार से बढ़ा संघर्ष
यह संघर्ष गुरुवार को सीमा पर एक बारूदी सुरंग विस्फोट में पांच थाई सैनिकों के घायल होने के बाद शुरू हुआ था। कंबोडियाई और थाई अधिकारियों ने झड़पों की शुरुआत के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया। यह सब ऐसे समय हो रहा है, जब दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम की संभावनाओं को लेकर कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए हैं। हालांकि, रविवार सुबह की गोलाबारी से साफ है कि जमीनी स्तर पर स्थिति अब भी बेहद नाजुक बनी हुई है।
डोनाल्ड ट्रंप ने दी थी धमकी
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहे संघर्ष में अमेरिका ने भी दखल दी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों से फोन पर मध्यस्थता को लेकर बातचीत की थी। शनिवार को, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्होंने थाईलैंड और कंबोडिया के नेताओं से बात की है और सुझाव दिया है कि अगर सीमा पार संघर्ष जारी रहा, तो वह किसी भी देश के साथ व्यापार समझौता नहीं करेंगे। बाद में उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष युद्धविराम पर बातचीत के लिए मिलने पर सहमत हुए हैं।
अब तक 33 की मौत
कंबोडिया के सूचना मंत्री नेथ फेकत्रा ने शनिवार को कहा कि झड़पों के कारण तीन सीमावर्ती प्रांतों में 10,865 कंबोडियाई परिवारों, यानी 37,635 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। कम्बोडियाई अधिकारियों ने शनिवार को 12 नई मौतों की सूचना दी, जिससे मृतकों की संख्या 13 हो गई। थाई अधिकारियों ने बताया कि 1,31,000 से अधिक लोग अपने सीमावर्ती गांवों से पलायन कर चुके हैं। एक सैनिक मारा गया, जिससे मृतकों की संख्या 20 हो गई, इसमें अधिकतर नागरिक थे।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 27 July 2025 at 10:03 IST