अपडेटेड 23 August 2025 at 07:43 IST

टैरिफ वॉर के बीच डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा फैसला, भारत में नियुक्त किया नया राजदूत, कौन हैं वो 'खास' जिसे सौंपी ये जिम्मेदारी?

India-US News: सर्जियो गोर भारत में अमेरिका के नए राजदूत होंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी नियुक्ति का ऐलान किया। साथ ही उन्हें ये जिम्मेदारी सौंपने के पीछे की वजह भी बताई।

Donald Trump- Sergio Gor | Image: AP

US Ambassador to India: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के लिए नए राजदूत के नाम का ऐलान कर दिया। उन्होंने यह जिम्मा अपने 'खास' सर्जियो गोर को सौंपा है। सर्जियो भारत में अगले अमेरिकी राजदूत होंगे। ट्रंप ने खुद उनके नाम की घोषणा की और उन्हें नियुक्त करने के पीछे की वजह भी बताई।

ट्रंप ने किया नए राजदूत का ऐलान

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर एक पोस्ट के जरिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा, "मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मैं सर्जियो गोर को भारत गणराज्य में हमारे अगले अमेरिकी राजदूत और दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के लिए विशेष दूत के रूप में पदोन्नत कर रहा हूं। सर्जियो और उनकी टीम ने रिकॉर्ड समय में हमारी संघीय सरकार के हर विभाग में करीब 4,000 लोगों को नियुक्त किया है। हमारे विभाग और एजेंसियां 95% से अधिक भर चुकी हैं। सर्जियो अपनी नियुक्ति की पुष्टि होने तक व्हाइट हाउस में अपनी वर्तमान भूमिका में बने रहेंगे।"

अपनी इस पोस्ट में डोनाल्ड ट्रंप ने सर्जियो को अपना बहुत अच्छा दोस्त भी बताया, जो सालों से हमारे साथ हैं। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने मेरे ऐतिहासिक राष्ट्रपति अभियानों पर काम किया है। मेरी सर्वाधिक बिकने वाली पुस्तकें भी प्रकाशित कीं और हमारे आंदोलन का समर्थन करने वाले सबसे बड़े सुपर पैक्स में से एक का संचालन किया।

बताया क्यों की सर्जियो गोर की नियुक्ति? 

अमेरिकी राष्ट्रपति ने उनकी नियुक्ति के पीछे की वजह बताते हुए कहा कि दुनिया के सबसे ज्यादा आबादी वाले इस क्षेत्र के लिए, यह जरूरी है कि मेरे पास कोई ऐसा व्यक्ति हो जिस पर मैं पूरी तरह भरोसा कर सकूं। जो मेरे एजेंडे को पूरा करे और अमेरिका को फिर से महान बनाने में हमारी मदद करे। सर्जियो एक बेहतरीन राजदूत साबित होंगे। बधाई हो सर्जियो।

सर्जियो गोर से पहले मई 2023 से जनवरी 2025 तक  एरिक गार्सेटी ने भारत में अमेरिकी राजदूत के रूप में सेवाएं दी थी। उनके बाद दूतावास का अंतरिम प्रभार डी'अफेयर्स जॉर्गन के. एंड्रयूज के पास है।

कौन हैं सर्जियो गोर?

सर्जियो गोर की गिनती ट्रंप के राजनीतिक के साथ-साथ व्यक्तिगत विश्वासपात्र में होती है। राष्ट्रपति चुनाव में उन्होंने बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने ट्रंप के सपोर्ट पॉलिटिकल एक्शन कमेटी का नेतृत्व किया। वहीं, राष्ट्रपति बनने के बाद ट3ंप उन्हें प्रेसिडेंशियल पर्सनल ऑफिस डायरेक्टर नियुक्त किया था। ट्रंप प्रशासन में कर्मचारियों के चयन में भी गोर की भूमिका अहम रही।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सर्जियो को राजदूत के तौर पर ऐसे समय में नियुक्त किया, जब भारत और अमेरिका के बीच कुछ समय से तनाव बना हुआ है। ट्रेड डील पर सहमित न बन पाने के बाद ट्रंप ने भारत पर 25% का टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। वहीं, रूसी तेल खरीदने की नाराजगी के चलते उन्होंने एक्स्ट्रा 25% टैरिफ लगाने का फैसला लिया था।

यह भी पढ़ें: टैरिफ वॉर के बीच SCO के मंच पर मिलेंगे PM मोदी, पुतिन और जिनपिंग... दुनिया की रहेगी नजर, डोनाल्ड ट्रंप की बढ़ेगी टेंशन


 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 23 August 2025 at 07:43 IST