अपडेटेड 21 May 2025 at 10:25 IST

सीजफायर पर नहीं बनी बात, तो रूस पर नए प्रतिबंध लगाएगा अमेरिका? विदेश मंत्री रुबियो ने दिया बड़ा बयान

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि रूस शांति नहीं चाहता और वो युद्ध जारी रखना चाहता है, तो प्रतिबंधों का रास्ता ही अपनाना होगा।

Donald Trump- Vladimir Putin | Image: AI Generated

Russia-Ukraine war: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों के बावजूद अबतक रूस और यूक्रेन में सीजफायर को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। इस बीच अमेरिका की ओर से रूस को फिर कड़े प्रतिबंधों की चेतावनी दी गई। रूस-यूक्रेन में शांति वार्ता की चल रही चर्चा के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि रूस ने सीजफायर को लेकर कोई ठोस प्रस्ताव नहीं दिया, तो अमेरिका उस पर नए प्रतिबंध लगाने पर विचार करेगा।

इससे पहले बीते दिन ही अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया था कि उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर 2 घंटे तक बातचीत की। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि वे समझौते के बाद युद्ध विराम के लिए तैयार हैं।

क्या रूस पर लगेंगे नए प्रतिबंध? 

इस बीच रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो का बड़ा बयान आया है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध में अगर रूस औपचारिक युद्धविराम प्रस्ताव पेश नहीं करता, तो उस पर नए प्रतिबंध लगाने पर विचार किया जा सका है।

अमेरिकी सीनेट की विदेशी मामलों की समिति के सामने रुबियो ने कहा कि हमें जानकारी मिली है कि युद्धविराम के लिए अपनी शर्तों को रूस लिखित रूप में तैयार कर रहा है। आगे चलकर इससे व्यापक बातचीत का रास्ता खुलेगा। फिलहाल हम उन शर्तों का इंतजार कर रहे हैं, जिससे हमें पुतिन के इरादों को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिले।

‘अगर रूस शांति नहीं चाहता तो…’

जब उनसे सवाल किया गया कि शांति वार्ता में रूस ने दिलचस्पी नहीं दिखाई, तो ऐसे में क्या उस पर अमेरिका नए प्रतिबंध लगाएगा? इस पर उन्होंने कहा कि यह साफ हो गया कि रूस शांति नहीं चाहता और वो युद्ध जारी रखना चाहता है, तो प्रतिबंधों का रास्ता ही अपनाना होगा।

इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि फिलहाल डोनाल्ड ट्रंप किसी भी तरह प्रतिबंधों की धमकी नहीं देना चाहते, क्योंकि इससे रूस बातचीत से पीछे हट सकता है और शांति वार्ता प्रभावित हो सकती है। रुबियो ने यह भी कहा कि रूस-यूक्रेन में जारी संघर्ष को खत्म करने के लिए ट्रप पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। दोनों पक्षों को शांति की तरफ ले जाने का प्रयास जारी रखना चाहते हैं।

ब्रिटेन ने लगाए प्रतिबंध, तो जेलेंस्की ने जताया आभार

इस बीच यूरोपीय संघ (EU) और ब्रिटेन ने रूस के खिलाफ नए प्रतिबंध लगा दिए हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इन नए प्रतिबंधों के लिए ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से रूस पर शांति के लिए दबाव बनाने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें: Donald Trump: जब राष्ट्रपति ट्रंप बन गए ट्रू जेंटलमैन, पत्नी मेलानिया को कुर्सी पर यूं बैठाया, VIDEO


 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 21 May 2025 at 10:25 IST