Trump Tariff: फिर टैरिफ बम फोड़ने की प्लानिंग में अमेरिकी राष्ट्रपति, ट्रंप की लिस्ट में भारत-चीन समेत 16 देशों का नाम

ट्रंप प्रशासन भारत और चीन सहित कई देशों पर ऊंचे टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि ये टैरिफ उन देशों पर लगाए जाएंगे, जो कथित तौर पर अमेरिकी व्यवसायों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

US President Donald Trump | Image: ANI

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर कई देशों पर टैरिफ बढ़ाने की योजना बना रहे हैं। चिंता की बात ये है कि ट्रंप की लिस्ट में भारत का भी नाम है। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका इन देशों पर पहले से लागू टैरिफ को बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इस कदम से भारत के साथ-साथ  चीन समेत कई देशों को बड़ा झटका लग सकता है।

‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन भारत और चीन सहित कई देशों पर ऊंचे टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन, यूरोपीय संघ और 14 अन्य देश औद्योगिक सब्सिडी देते हैं। इनकी जांच पिछले कई महीनों से चल रही थी। अब इसकी जांच रिपोर्ट सामने आ सकती है, इसके बाद नए टैरिफ का ऐलान संभव है।

ट्रंप की लिस्ट में इन देशों का नाम

ट्रंप के टैरिफ एक्शन के दायरे में चीन, भारत, जापान, साउथ कोरिया, यूरोपियन यूनियन और कई दूसरी बड़ी इकॉनमी शामिल होने की उम्मीद है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) आने वाले दिनों में 16 अर्थव्यवस्थाओं द्वारा दी जाने वाली औद्योगिक सब्सिडी की महीनों तक चली जांच के नतीजे जारी कर सकता है। ये नए टैरिफ उस व्यापक शुल्क व्यवस्था को बदलने की कोशिश का हिस्सा हैं, जिसे प्रशासन ने पिछले साल लागू किया था, लेकिन बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उसे रद्द कर दिया था। इन योजनाओं के बारे में मंगलवार को ब्लूमबर्ग और द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने सबसे पहले रिपोर्ट दी थी।

टैरिफ को लेकर ट्रंप का प्लान

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर 11 मार्च से चल रही जांच के नतीजे जारी कर सकते हैं। अमेरिका का आरोप है कि ये देश सरकारी मदद से जरूरत से ज्यादा सामान बना रहे हैं और सस्ते दामों पर बेच रहे हैं। इससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हो रहा है। यह जांच 1974 के अमेरिकी व्यापार कानून के तहत हो रही है।

 टैरिफ की नई दरें अभी तय नहीं 

इसके आधार पर अमेरिका दूसरे देशों के सामान पर अतिरिक्त टैरिफ लगा सकता है। हालांकि, टैरिफ की नई दरें अभी तय नहीं हुई हैं। अमेरिकी ने इसी साल फरवरी में टैरिफ दर 50% से घटाकर 18% कर दी थी।  साथ ही रूस से तेल इम्पोर्ट के कारण पेनल्टी के रूप में लगाए गए 25% टैरिफ को वापस करने का फैसला भी लिया था।

ये नए टैरिफ उस व्यापक शुल्क व्यवस्था को बदलने की कोशिश का हिस्सा हैं, जिसे प्रशासन ने पिछले साल लागू किया था, लेकिन बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उसे रद्द कर दिया था। यह संभावित कदम प्रशासन के उन प्रयासों का दूसरा चरण है, जिनका मकसद अप्रैल 2025 में घोषित उन शुल्कों को बदलना है, जिन्हें फरवरी में सुप्रीम कोर्ट ने असंवैधानिक करार दिया था। जुलाई में, व्हाइट हाउस ने 60 व्यापारिक साझेदारों पर 10% से 12.5% ​​तक का शुल्क लगाया था। आरोप यह था कि इन देशों ने जबरन श्रम (forced labour) से बने सामानों पर लगे प्रतिबंधों को ठीक से लागू नहीं किया है।

यह भी पढ़ें: मॉरिशस के पास तेज भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 6.2 की तीव्रता
 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 25 November 2026 at 09:50 IST