अपडेटेड 18 September 2024 at 14:49 IST

मोहब्बत में धोखे ने बना दिया कातिल? भारत की शहजादी को गोली मार कर दी जाएगी सजा; रूह कंपा देगी कहानी

Crime News: शहजादी फिलहाल अबू धाबी की अल-वाथबा जेल में बंद अपनी मौत का इंतजार रही है और उसके परिजन सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं।

भारत की शहजादी को गोली मार कर दी जाएगी सजा | Image: Republic

Banda Girl Shahzadi: समझ सको तो एक खूबसूरत अहसास और निभा सको तो अटूट साथ... ये होती है मोहब्बत! उत्तर प्रदेश के बांदा की रहने वाली शहजादी के लिए भी प्यार के मायने कुछ ऐसी ही थे। दिव्यांग शहजादी की दोस्ती फेसबुक पर आगरा के रहने वाले उजैर उर्फ पन्ना चौधरी से हुई थी। उजैर ने शहजादी को अपने प्रेमजाल में फंसाया और कई बड़े सपने दिखाए। शहजादी को मोहब्बत में धोखा मिला, उसे धोखे से बेचा गया और धोखे से ही अबू धाबी चली गई। अब हत्या के आरोप में उसे 20 सितंबर के बाद मौत की सजा मुकर्रर है।

शहजादी फिलहाल अबू धाबी की अल-वाथबा जेल में बंद अपनी मौत का इंतजार रही है और उसके परिजन सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं। शहजादी को 4 महीने के बच्चे की हत्या के आरोप में फंसाया गया है। 20 सितंबर के बाद उसे गोली मारकर मौत की सजा दी जाएगी। उसके जीने की उम्मीदें जेल में दम तोड़ रही हैं। बेटी को मिली मौत की सजा से शहजादी के बूढ़े माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है।

शहजादी को मिला धोखा

शहजादी का चेहरा 8 साल की उम्र में खौलता हुआ पानी गिरने से जल गया था। शहजादी का सपना था कि वो इतने पैसे कमाए कि अपना चेहरा प्लास्टिक सर्जरी से ठीक करा सके। सोशल मीडिया पर मिले उजैर ने शहजादी को उसके झुलसे हुए चेहरे के साथ अपनाने का वादा किया, लेकिन उजैर का हर वादा झूठा था। शहजादी को नहीं पता था कि उजैर मानव तस्करी करेगा। उजैर ने शहजादी को उसके चेहरे का इलाज कराने के लिए आगरा बुलाया। इसके बाद शुरू हुआ असली फरेब का खेल।

आरोप है कि उजैर ने शहजादी को 2021 में चेहरे का इलाज करने के नाम पर अपने फूफा और फूफी फैज और नाजिया के घर धोखे से अबू धाबी भेज दिया। फैज और नादिया ने वहां शहजादी को नौकरानी बनाकर रखा। वहां पहली बार शहजादी को अहसास हुआ कि उजैर ने उसके साथ धोखा किया है। दरअसल, नाजिया ने एक बच्चे के जन्म दिया था और उसे घर में एक काम करने के लिए नौकरानी चाहिए। उजैर ने इसके लिए शहजादी का सौदा कर डाला। नाजिया शहजादी को बंधक बनाकर घर का काम कराती थी।

4 महीने के बच्चे की हत्या का आरोप

शहजादी पर नाजिया के 4 महीने के बच्चे की हत्या का आरोप है। 6 दिसंबर, 2022 को नाजिया के बच्चे को एक टीका लगा था, जिसके कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद शहजादी वापस भारत आना चाहती थी, लेकिन उसका पासपोर्ट नाजिया और उसके शौहर के पास था। बच्चे की मौत के करीब 54 दिन बाद नाजिया और उसके शौहर ने शहजादी के साथ जमकर मारपीट की और दबाव बनाया कि वो कबूल करे कि उसके बच्चे की गला घोंटकर हत्या की है।

नाजिया और उसके शौहर ने शहजादी की न्यूड वीडियो भी बनाई थी। उन्होंने दबाव बनाया कि वो जुर्म कबूल करे और ऐसा ना करने पर न्यूड वीडियो को यूपी भेजकर उसे बदनाम कर देंगे।

शहजादी को ऐसे मिली मौत की सजा

नाजिया और उसके शौहर से बुरी तरह टॉर्चर होने के बाद शहजादी ने बच्चे की हत्या का जूर्म कबूल किया। इसके बाद भी उसकी मुश्किलें कम नहीं हुई, शहजादी को एक बार फिर धोखा मिला। नाजिया और उसका शौहर शहजादी को एयरपोर्ट ले जाने के बहाने पुलिस स्टेशन ले गए। पुलिस वालों को वीडियो दिखाकर शहजादी को बच्चे का हत्यारा बताया। इसके बाद अबू धाबी की अदालत में उसे दोषी मान लिया। अबू धाबी की अल-वाथबा जेल से शबजादी ने अपने घर फोन कर सारी आपबीती बताई है।

ये भी पढ़ें: सीरियल धमाकों से दहला लेबनान, सैकड़ों पेजर सेट में विस्फोट, 1000 से ज्यादा लोग घायल
 

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 17 September 2024 at 20:47 IST