अपडेटेड 5 August 2024 at 22:23 IST

रात 1 बजे लंदन रवाना हो सकती हैं शेख हसीना, बांग्लादेश के हालात पर भारत की नजर

Bangladesh: अपना देश छोड़ने के बाद शेख हसीना फिलहाल भारत में हैं। खबर है कि वो आज रात 1 बजे लंदन के लिए रवाना हो सकती है।

रात 1 बजे लंदन रवाना हो सकती हैं शेख हसीना | Image: AP

Bangladesh में हिंसा की आग ने तख्ता पलट कर दिया है। प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता के साथ-साथ देश भी छोड़ना पड़ा। शेख हसीना के देश छोड़ते ही भीड़ ने प्रधानमंत्री आवास पर धावा बोल दिया। उपद्रवियों ने पीएम आवास के अंदर जमकर तोड़फोड़ की और बिस्तर पर लेट गए। किचन में घुसकर प्रदर्शनकारियों ने खाना खाकर जश्न मनाया। इतना ही नहीं, पीएम आवास में घुसे लोग यहां का फर्नीचर और कीमती सामान अपने साथ लेकर जाते नजर आए। शेख हसीना फिलहाल भारत में हैं। खबर है कि वो आज रात 1 बजे लंदन के लिए रवाना हो सकती है।

बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद शेख हसीना गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पहुंची। जहां उन्होंने NSA अजित डोभाल ने करीब एक घंटे तक मुलाकात की। इससे पहले खबर थी कि शेख हसीना कुछ दिन भारत में ही रुक सकती हैं। भारत सरकार शेख हसीना को ब्रिटेन में शरण मिलने तक अंतरिम समय के लिए सभी सहायता प्रदान करेगी। बांग्लादेश में आए संकट को लेकर भारत सरकार भी नजर बनाए हुए हैं। पड़ोसी मुल्क के बिगड़े हालात पर प्रधानमंत्री आवास पर अहम बैठक हुई। जिसमें पीएम मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर भी मौजूद रहे। 

जयशंकर ने स्थिति पर PM को दी जानकारी

शेख हसीना बांग्लादेश वायुसेना के एक C-130 सैन्य विमान से भारत पहुंचीं हैं। हसीना का विमान एयरबेस पर उतरने के कुछ घंटे बाद राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने उनसे मुलाकात की। इसके अलावा, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बांग्लादेश में तेजी से बदल रहे हालात के बारे में जानकारी दी। बताया जा रहा है कि जयशंकर ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी घटनाक्रम के बारे में बताया है। खबर है कि हसीना को किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।

बेटी से मिल सकती है हसीना

सूत्रों ने बताया कि हसीना की योजना लंदन जाने की थी। हसीना की दिल्ली में रहने वाली अपनी बेटी साइमा वाजिद से मिलने की संभावना है। साइमा वाजिद विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए क्षेत्रीय निदेशक हैं। हसीना के दिल्ली पहुंचने और NSA से उनकी मुलाकात के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। ढाका में तेजी से बदल रहे घटनाक्रम पर दिल्ली करीबी नजर रखे हुए है। बांग्लादेश के घटनाक्रम पर भारत की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

ये भी पढ़ें: Bangladesh Unrest: बांग्लादेश से लगी सीमा पर हाई अलर्ट जारी; चप्पे-चप्पे पर नजर रख रही BSF

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 5 August 2024 at 21:24 IST