Russia-Ukarine War: रूस ने फिर बनाया यूक्रेन को निशाना, कई इलाकों में तबाड़तोड़ ड्रोन हमला, 5 लोगों की मौत; पुतिन पर बरसे जेलेंस्की

रूसी ड्रोन ने कीव के बाहरी इलाके में एक बाजार में हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अलग-अलग इलाकों में तीन अन्य लोगों की भी मौत हुई।

5 Killed, 10 Injured in Russian Drone Strike on Kyiv | Image: X

रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध को दो साल से अधिक समय हो गया है। रूस लगातार यूक्रेन के क्षेत्रों पर हमले कर रहा है। वहीं, यूक्रेन की ओर से भी जवाबी कार्रवाई जारी है। इस बीच रूस ने रविवार को एक बार फिर यूक्रेन के कई शहरों को निशाना बनाया। यूक्रेन के एकमअधिकारी ने दावा किया है कि रूस ने कीव और उसके आसपास के क्षेत्रों पर ड्रोन हमला किया है।

यूक्रेन के अधिकारियों के अनुसार, रूसी ड्रोन ने कीव के बाहरी इलाके में एक बाजार में हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अलग-अलग इलाकों में तीन अन्य लोगों की भी मौत हुई। पूरे दिन लगभग लगातार रूसी हमले होते रहे। यूक्रेनी डेटा सेंटर पर भी ड्रोन हमला हुआ है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के इस कदम की कड़े शब्दों में निंदा की है।

ड्रोन हमले में 5 की मौत, 10 घायल

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि रविवार को रूसी ड्रोन ने यूक्रेनी राजधानी कीव के बाहरी इलाके में एक बाजार में आग लगा दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, मॉस्को की सेनाओं के हमलों में अलग-अलग इलाकों में तीन अन्य लोगों की मौत हुई । ड्रोन हमला कीव के पश्चिमी बाहरी इलाके में सोफीस्का बोर्शचाहिव्का के एक बाजार पर हुआ, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और लगभग 10 लोग घायल हो गए।

ये आतंकी हमला है-जेलेंस्की 

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने ताजा हमलों की निंदा करते हुए कहा कि आम नागरिकों को निशाना बनाने वाली ये हरकतें निस्संदेह "आतंकवाद" हैं। जेलेंस्की ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "ऐसा करने में रूस का कोई सैन्य मकसद नहीं है।" "यह पूरी तरह से लोगों का मनोबल तोड़ने और हमारे समाज को ज़्यादा से ज़्यादा नुकसान पहुँचाने की कोशिश है।"

रूसी सेनाएं लंबे समय से कीव और यूक्रेन के अन्य शहरों पर जोरदार हमले करती रही हैं, ज्यादातर हमले रात में होते हैं। हाल के हफ्तों में पूरे दिन भी लगभग लगातार हमले किए हैं। सीमा के पास रूस के लगातार निशाने पर रहने वाले उत्तरी शहर सुमी में, क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह ह्रीहोरोव ने टेलीग्राम पर लिखा कि तीन ग्लाइड बम एक फैमिली सपोर्ट सेंटर के पास गिरे, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। रूस लंबे समय से कहता रहा है कि वह सुमी क्षेत्र के कुछ इलाकों को बफर जोन में बदलना चाहता है।
 

यह भी पढ़ें: नेपाल में भीषण हिमस्खलन: 2 लोगों की मौत, 10 लापता, रेस्क्यू जारी

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 28 September 2026 at 07:22 IST