PM मोदी को देख खड़े हुए ट्रंप, हाथों-में हाथ और थपथपाया कंधा... G-7 में हुई मुलाकात तो 2 दिग्गज नेताओं की दिखी गजब की बॉन्डिंग, VIDEO
फ्रांस के एवियन में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की गर्मजोशी भरी मुलाकात हुई। ट्रंप, मोदी को देखते ही खड़े हो गए, दोनों ने हाथ मिलाया और ट्रंप ने मोदी के कंधे को प्यार से थपथपाया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को फ्रांस के एवियन-लेस-बैंस झील के तट पर आयोजित 52वें G-7 शिखर सम्मेलन में शामिल हुए। जहां उन्होंने कई वैश्विक नेताओं के साथ मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति के आधिकारिक निमंत्रण पर इस उच्चस्तरीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए फ्रांस पहुंचे है। भारत शिखर सम्मेलन में 13वीं बार भाग ले रहा है और प्रधानमंत्री लगातार सातवीं बार इस वैश्विक मंच में शामिल हुए हैं।
जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बेहद गर्मजोशी भरी मुलाकात हुई। जब पीएम मोदी बैठक के लिए पहुंचे तो डोनाल्ड ट्रंप अपनी सीट पर बैठे हुए थे, पीएम मोदी को देखते ही ट्रंप अपनी सीट से खड़े हो गए, दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और ट्रंप ने प्यार भरे अंदाज में मोदी के कंधे को थपथपाया। यह पल दोनों दिग्गज नेताओं की गहरी बॉन्डिंग और आपसी सम्मान को साफ दिखाता है।
16 महीने बाद पहली मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान करीब 16 महीनों के बाद पहली बार मुलाकात है। इससे पहले दोनों नेता पिछले साल फरवरी में वाशिंगटन में मिले थे। सम्मेलन के आउटरीच सेशन के दौरान ली गई वीडियो में साफ दिख रहा है कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप एक-दूसरे से मिलते ही मुस्कुरा उठे और हाथ मिलाकर बातचीत शुरू कर दी। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, टैरिफ और अन्य मुद्दों पर चर्चा जारी है।
G-7 की पारंपरिक ग्रुप फोटो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 52वें G-7 शिखर सम्मेलन में कई वैश्विक नेताओं के साथ पारंपरिक ग्रुप फोटो में शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी के साथ इस प्रतिष्ठित तस्वीर में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा, इतालवी प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा सहित कई प्रमुख विश्व नेता दिखाई दिए।
फ्रांस की मेजबानी में 15 से 17 जून 2026 तक चल रहे G-7 शिखर सम्मेलन में विश्व के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हो रही है। भारत को पार्टनर देश के रूप में आमंत्रित किया गया है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 16 June 2026 at 19:26 IST