PM Modi in Nigeria: पीएम मोदी ने नाइजीरिया के राष्ट्रपति से की मुलाकात, कई मुद्दों पर हुई बातचीत
PM मोदी तीन देशों की यात्रा के तहत नाइजीरिया में हैं। वह जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए अबूजा से ब्राजील जाएंगे।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 1 min read
PM Modi in Nigeria: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू के साथ व्यापार, निवेश और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना समेत विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच साझेदारी को बढ़ावा देने पर चर्चा की।
मोदी रविवार सुबह नाइजीरिया की राजधानी अबूजा पहुंचे। यह 17 वर्षों के अंतराल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नाइजीरिया की पहली यात्रा है।
प्रधानमंत्री का राष्ट्रपति आवास पर औपचारिक स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने टिनुबू के साथ बैठक की। प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
मोदी तीन देशों की यात्रा के तहत नाइजीरिया में हैं। वह जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए अबूजा से ब्राजील जाएंगे। उनका अंतिम गंतव्य गुयाना होगा।
अक्टूबर 2007 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की नाइजीरिया यात्रा के दौरान भारत-नाइजीरिया संबंधों को 'रणनीतिक साझेदारी' का दर्जा दिया गया था। नाइजीरिया छह दशकों से अधिक समय से भारत का करीबी साझेदार रहा है। भारत ने 1960 में नाइजीरिया के स्वतंत्र होने से दो साल पहले नवंबर 1958 में लागोस में अपना राजनयिक भवन स्थापित किया था।
यह भी पढ़ें: 'झूठी कहानी ज्यादा दिन नहीं चलती', विक्रांत मैसी की फिल्म द साबरमती रिपोर्ट पर बोले PM मोदी
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 17 November 2024 at 17:32 IST