अपडेटेड 8 February 2026 at 08:57 IST

PM Modi: 'नए स्तर पर ले जाना चाहते हैं संबंध', मलेशिया में बोले PM मोदी, यात्रा के दूसरे दिन गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत

PM Modi Malaysia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के दूसरे दिन मलेशिया के परदाना पुत्रा बिल्डिंग में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उनका औपचारिक स्वागत हुआ। उन्होंने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के संग उन्होंने प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौते हुए।

PM Modi with Malaysian Prime Minister Anwar Ibrahim | Image: X

PM Modi Malaysia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मलेशिया दौरे का आज (8 फरवरी) दूसरा दिन है। कुआलालंपुर में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के संग उन्होंने प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इससे पहले पीएम मोदी का गार्ड ऑफ ऑनर के साथ औपचारिक स्वागत किया गया। परदाना पुत्रा बिल्डिंग में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम भी नजर आए।

भारत-मलेशिया में हुए कई समझौते

पीएम मोदी की यात्रा के दूसरे दिन मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की उपस्थिति में भारत और मलेशिया के बीच समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ।

वहीं, मीटिंग में प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा, "हमने उत्कृष्ट संबंध स्थापित किए हैं। इसके लिए आपको और आपकी टीम को धन्यवाद। हमने कुछ ऐसे मुद्दों पर चर्चा की है जिन पर चिंता व्यक्त की जा रही है। मुझे लगता है कि हमारी टीमों को उन पर ध्यान देने की आवश्यकता है। हम सभी क्षेत्रों में अधिक सहयोग की उम्मीद करते हैं। यह दौरा मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भी बहुत महत्वपूर्ण है।"

स्वागत के लिए पीएम मोदी ने खुलकर की तारीफ 

वहीं, मीटिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गर्मजोशी से भरे स्वागत के लिए मलेशिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "मैं आप सभी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। जिस तरह से आपने मेरा और मेरे प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। आपने इन कुछ घंटों में पारंपरिक रीति-रिवाजों से परे जाकर मलेशियाई जीवन को इतनी खूबसूरती से प्रस्तुत किया, जिस उत्कृष्ट तरीके से आपने सब कुछ व्यवस्थित किया... वह हमेशा हमारी यादों में रहेगा। इसके लिए मैं अपना हार्दिक और विशेष धन्यवाद व्यक्त करता हूं।"

बैठक में उन्होंने कहा कि आज कृषि और विनिर्माण से लेकर स्वच्छ ऊर्जा और सेमीकंडक्टर तक, हर क्षेत्र में हमारा सहयोग गहरा रहा है। कौशल विकास और क्षमता निर्माण में भी हम महत्वपूर्ण भागीदार हैं। रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में भी हमारा सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। आसियान की सफल अध्यक्षता के लिए मैं आपको एक बार फिर बधाई देता हूं। हमें विश्वास है कि मलेशिया के सहयोग से आसियान के साथ हमारे संबंध और भी गहरे और व्यापक होंगे। हमारे संबंधों की असली ताकत हमारे जन-जन संबंधों में निहित है। भारतीय मूल के लगभग 30 लाख मलेशियाई नागरिक हमारे दोनों देशों के बीच एक जीता-जागता पुल हैं।

भारतीय प्रवासियों संग मुलाकात का किया जिक्र

पीएम मोदी शनिवार (7 फरवरी) को भारतीय प्रवासियों संग अपनी मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कल मुझे आप लोगों के साथ प्रवासी भारतीयों से मिलने का अवसर मिला। यह एक बहुत ही खास अनुभव था, और मैंने प्रवासी भारतीयों का आप लोगों के प्रति व्यक्तिगत सम्मान और स्नेह देखा। मुझे गर्व का अनुभव हुआ।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में मित्र देशों का समर्थन महत्वपूर्ण है। हम दृढ़ता से मानते हैं कि भारत और मलेशिया की समृद्धि परस्पर जुड़ी हुई है। वैश्विक अस्थिरता के इस माहौल में, भारत और मलेशिया, दो समुद्री पड़ोसी देशों के लिए, अपने संबंधों की पूरी क्षमता का उपयोग करना आवश्यक है। आज मेरी यात्रा का मूल संदेश बहुत स्पष्ट है: भारत मलेशिया के साथ मिलकर अपने संबंधों को एक नए स्तर पर ले जाना चाहता है और हर संभव क्षेत्र में सहयोग का विस्तार करना चाहता है।

बता दें कि दो दिवसीय दौरे के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (7 फरवरी) मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंचे थे। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने एयरपोर्ट पर उनका शानदार स्‍वागत किया गया। पीएम मोदी ने मलेशिया में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया की तीसरी यात्रा है।

यह भी पढे़ं: 'मैंने वादा किया था और मैं आ गया', मलेशिया में भारतीय प्रवासियों से बोले PM, मोदी-मोदी के नारों से हुआ स्वागत

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 8 February 2026 at 08:57 IST