'थैंक्यू उज्बेकिस्तान...', मेहमाननवाजी के मुरीद हुए PM मोदी, गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए जताया आभार, किर्गिजस्तान के लिए रवाना
उज्बेकिस्तान से विदा लेते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव का गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
PM Modi express gratitude to Uzbekistan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्बेकिस्तान की अपनी सफल यात्रा पूरी करने के बाद अब अगले पड़ाव किर्गिजस्तान के लिए रवाना हो चुके हैं। उज्बेकिस्तान से विदा लेते समय प्रधानमंत्री ने वहां मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए दिल से आभार व्यक्त किया।
पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर की है, जिसमें उनके स्वागत से लेकर द्विपक्षीय वार्ता की अनगित यादगार झलकियां हैं। इस पोस्ट के साथ उन्होंने 'थैंक्यू उज्बेकिस्तान' लिखते हुए वहां के नेतृत्व और जनता के प्रति अपनी कृतज्ञता जताई। पीएम ने लिखा, 'उज्बेकिस्तान का धन्यवाद! राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव का उनके स्नेह, हर छोटी-बड़ी बात पर ध्यान देने और भारत-उज्बेकिस्तान दोस्ती के प्रति उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए आभार।'
भारत-उज्बेकिस्तान के बीच सकारात्मक चर्चा
गौरतलब है कि इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच आपसी हितों, व्यापार और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर बेहद सकारात्मक चर्चा हुई, जिसने भारत-उज्बेकिस्तान संबंधों को एक नई ऊंचाई दी है। पीएम मोदी के मुताबिक, मध्य एशिया के साथ भारत के संबंधों में उज्बेकिस्तान अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की आकांक्षाओं और सोच में गहरी समानता है।
दोनों देशों के बीच 5 अरब डॉलर का रोडमैप तैयार
रविवार को ताशकंद में उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ बातचीत के बाद हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने बताया कि 2026 में उनकी रणनीतिक साझेदारी की 15वीं वर्षगांठ है और दोनों पक्षों ने इस रिश्ते को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आपसी व्यापार 1 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर चुका है और 2030 तक इसे 5 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इसे प्राप्त करने के लिए हम मार्केट तक पहुंच, कनेक्टिविटी, बैंकिंग और पेमेंट जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ेंगे। इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में हम दोनों देशों के लिए फायदेमंद सहयोग बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे।
PM ने लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धांजलि
पीएम मोदी ने आखिर में ताशकंद में पर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सम्मान में शास्त्री मेमोरियल पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा उन्होंने उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति के साथ मिलकर पौधारोपण भी किया।
SCO शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी अपनी उज्बेकिस्तान यात्रा के समापन के तुरंत बाद किर्गिजस्तान के लिए रवाना हो गए। यहां वह 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए सोमवार और मंगलवार को बिश्केक में होंगे।
पीएम मोदी मोदी उज्बेकिस्तान की दो दिन की यात्रा के बाद बिश्केक पहुंचेंगे, जहां वह एससीओ नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे, जिनमें किर्गिज राष्ट्रपति सादिर झापारोव भी शामिल हैं।
2017 में SCO का सदस्य बना भारत
बता दें कि चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान ने मिलकर साल 2001 में एससीओ की स्थापना की थी। भारत और पाकिस्तान साल 2017 में इस संगठन के पूर्ण सदस्य बने। इसके बाद साल 2023 में ईरान को इसके पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल किया गया और साल 2024 में बेलारूस आधिकारिक तौर पर इस संगठन का हिस्सा बना।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 30 August 2026 at 21:04 IST