BNP की जीत पर तारिक रहमान को फोन कर PM मोदी का बधाई देना सकारात्मक संकेत, दोनों देशों के संबंधों को पुनर्जीवित करना प्राथमिकता- एक्सपर्ट
बांग्लादेश इंस्टीट्यूट ऑफ पीस एंड सिक्योरिटी स्टडीज के सीनियर पर्सन शफकत मुनीर ने बांग्लादेश चुनाव में BNP की जीत को भारत और बांग्लादेश संबंधों के लिए सकारात्मक बताया है।
India-Bangladesh Relation: बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। आम चुनाव में BNP (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) को प्रचंड जीत मिली है। जनादेश आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी चेयरमैन तारिक रहमान से फोन पर बात कर उनकी बड़ी जीत के लिए उन्हें बधाई दी। अब विशेषज्ञों ने बांग्लादेश चुनाव में बीएनपी की जीत को भारत और बांग्लादेश संबंधों के लिए सकारात्मक बताया है।
बांग्लादेश इंस्टीट्यूट ऑफ पीस एंड सिक्योरिटी स्टडीज के सीनियर पर्सन शफकत मुनीर ने 13वें नेशनल पार्लियामेंट्री इलेक्शन में BNP की जीत को एक 'नया अध्याय' बताया। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि डेमोक्रेटिक तरीके से चुनी गई सरकार अब देश की फॉरेन पॉलिसी को आकार देगी।
'दोनों देशों के भविष्य को लेकर जगी उम्मीद'
भारत-बांग्लादेश के रिश्तों को फिर से बेहतर बनाने की संभावना पर बात करते हुए मुनीर ने कहा कि दोनों देशों के बीच के रिश्तों में हाल के दिनों में काफी उतार-चढ़ाव आए, लेकिन उन्होंने भविष्य को लेकर उम्मीद जताई। मुनीर ने समाचार एजेंसी ANI से कहा, 'यह सच में एक नया अध्याय है क्योंकि अब हमारे पास एक डेमोक्रेटिक तरीके से चुनी हुई पॉलिटिकल सरकार होगी जिसके पास बहुत बड़ा मैंडेट होगा। साथ मिलकर रिश्तों को ठीक कर पाएंगे और उनमें नई जान डाल पाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसा करने के लिए दोनों पक्षों के लिए पहला काम- भरोसा फिर से कायम करना और जो भरोसे की कमी को दूर करना होगा। भारतीय नेतृत्व से जो संदेश मिल रहे हैं वह सच में सही दिशा में उठाए गए कदम हैं।
अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर भरोसा!
चुनावों के बाद तारिक रहमान के अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और भारत के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने के बयानों को भारत में सकारात्मक रूप में देखा जा रहा है।
बीएनपी ने भारत के बारे में क्या कहा?
इससे पहले ढाका में इलेक्शन कमीशन सेक्रेटेरिएट में बोलते हुए BNP की पोल कोऑर्डिनेशन कमेटी के चीफ नजरुल इस्लाम खान ने कहा था कि पार्टी मोदी की बातों का स्वागत करती है और भारत के साथ मजबूत रिश्तों की उम्मीद करती है। उन्होंने कहा, ‘हम भी अपनी पार्टी की तरफ से उन्हें धन्यवाद देते हैं और मानते हैं कि हमारे लीडर तारिक रहमान के लीडरशिप में दोनों देशों और लोगों के बीच रिश्ते मजबूत होंगे।’
BNP ने कितनी सीटें जीतीं?
बांग्लादेश की 299 संसदीय सीटों के नतीजे घोषित हुए। इसमें BNP को 210 से ज्यादा सीटें मिलीं, जिसमें 209 सीटें उसने अकेले जीतीं, जिससे संसद में बहुमत पक्का हो गया। इस जीत से तारिक रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री बन गए हैं, जिससे अवामी लीग का लगभग दो दशकों का दबदबा खत्म हो गया। आपको बता दें कि संभावना जताई जा रही है कि तारिक रहमान आज प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 14 February 2026 at 09:21 IST