अपडेटेड 17 March 2026 at 08:18 IST

पाकिस्तान का काबुल के अस्पताल पर बड़ा हमला, तालिबान का दावा- एयरस्ट्राइक में 400 लोगों की मौत, PAK ने किया खारिज

Pakistan airstrike on Afghanistan: अफगानिस्तान ने दावा किया है कि पाकिस्तान ने काबुल में एक अस्पताल को निशाना बनाकर एयरस्ट्राइक की है। हमले में 400 लोगों की मौत और 250 अधिक घायल हुए हैं। वहीं, पाकिस्तान ने इस हमले से इनकार किया है।

काबुल के अस्पताल पर PAK ने किया हमला | Image: AP

Pakistan-Afghanistan news: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर बड़ा हमला किया है। तालिबान का दावा है कि सोमवार, 16 मार्च रात को पाक ने काबुल के एक अस्पताल को निशाना बनाकर एयरस्ट्राइक की है। इस हमले में 400 लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं, करीब 250 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। 

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच काफी समय से संघर्ष जारी है। दोनों देश एक-दूसरे पर लगातार हमले कर रहे हैं। इस बीच अब तालिबान ने पाकिस्तान पर काबुल में एक अस्पताल को निशाना बनाने और हमले में 400 लोगों की मौत का बड़ा दावा किया है।

नशा मुक्ति केंद्र को बनाया निशाना

अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने बताया है कि पाकिस्तान ने काबुल में नशा मुक्ति केंद्र पर यह हमला किया है। 

अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने X पर एक पोस्ट में बताया कि हवाई हमले में स्थानीय समयानुसार रात करीब 9 बजे काबुल के अस्पताल को निशाना बनाया गया, जिससे 2,000 बेड वाले अस्पताल का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया। उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या अब तक 400 हो चुकी है, जबकि लगभग 250 लोग घायल हुए हैं। घटनास्थल पर मौजूद बचाव दल भयंकर आग को बुझाने और मलबे के नीचे दबे लोगों के शवों को निकालने का काम कर रहे हैं।

तालिबान ने की निंदा

वहीं, अफगान सरकार के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने हमले की निंदा करते की है। उन्होंने पाकिस्तान परअस्पतालों और नागरिक स्थलों को निशाना बनाकर भयावह कृत्य करने का आरोप लगाया। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, “हम इस अपराध की कड़ी निंदा करते हैं और ऐसे कृत्य को सभी स्वीकृत सिद्धांतों के विरुद्ध और मानवता के विरुद्ध अपराध मानते हैं।”

पाकिस्तान ने आरोपों को नकारा

तालिबान के इन आरोपों को पाकिस्तान ने नकार दिया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता ने हमले में किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाने की बात कही है। वहीं, पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने भी कहा कि सोमवार रात को अफगानिस्तान पर किए गए हमले बेहद सटीक थे। इसमें केवल मिलिट्री ठिकानों और आतंकवादी इंफ्रास्ट्रक्चर को टारगेट किया गया। किसी ऐसी जगह को निशाना नहीं किया गया जहां आम लोग रहें।  

यह भी पढ़ें: Iran Israel War: ईरान के साथ जंग में क्या न्यूक्लियर बम का इस्तेमाल करेगा इजराइल? ट्रंप ने बताया अब किस करवट लेगा युद्ध

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 17 March 2026 at 06:36 IST