Kim Jong-un ने उड़ाई डोनाल्ड ट्रंप की नींद, US तक पहुंचने वाली मिसाइल इंजन का किया सफल टेस्ट, किम जोंग ने खुद किया निरीक्षण

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने अमेरिका की जमीन तक मार करने वाली ठोस ईंधन वाली मिसाइल के नए हाई-थ्रस्ट इंजन का जमीनी टेस्ट देखा। इंजन की ताकत बढ़ाकर 2,500 किलोन्यूटन कर दी गई है। किम ने इसे देश की सामरिक सैन्य शक्ति मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया।

Kim Jong-un ने उड़ाई डोनाल्ड ट्रंप की नींद | Image: AP

उत्तर कोरिया ने अमेरिका को निशाना बनाने वाली मिसाइल के इंजन का सफल टेस्ट कर लिया है। किम जोंग उन ने हाल ही में एक नई और ज्यादा ताकतवर मिसाइल इंजन का जमीनी टेस्ट देखा। यह टेस्ट ऐसे समय में हुआ है जब उत्तर कोरिया अपनी सैन्य क्षमता को और मजबूत बनाने की कोशिश कर रहा है।

उत्तर कोरिया ने अमेरिका की जमीन को निशाना बनाने के लिए मिसाइल के नए अपग्रेडेड हाई-थ्रस्ट सॉलिड-फ्यूल इंजन का ग्राउंड जेट टेस्ट किया है। इस टेस्ट का नेतृत्व खुद किम जोंग उन ने किया और इसे सामरिक सैन्य क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

उत्तर कोरियाई राज्य मीडिया कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) ने रविवार, 29 मार्च 2026 को इसकी जानकारी दी। टेस्ट में इस्तेमाल किया गया इंजन कंपोजिट कार्बन फाइबर मटेरियल से बना है और इसकी अधिकतम थ्रस्ट 2,500 किलोन्यूटन तक पहुंच गई, जो पिछले सितंबर में किए गए इसी तरह के टेस्ट से ज्यादा है। जिसका थ्रस्ट लगभग 1,971 किलोन्यूटन था।

क्या हुआ टेस्ट में?

उत्तर कोरिया ने हाई-थ्रस्ट ठोस ईंधन वाला इंजन टेस्ट किया है। इस इंजन में इस्तेमाल होने वाला कंपोजिट कार्बन फाइबर इसे हल्का और मजबूत बनाता है। यह इंजन ऐसी लंबी दूरी की मिसाइल (ICBM) के लिए है जो अमेरिका की मेनलैंड तक पहुंच सकती है।

ठोस ईंधन वाली मिसाइलों का फायदा यह है कि इन्हें लॉन्च करने से पहले ईंधन भरने की जरूरत नहीं पड़ती। इसलिए इन्हें जल्दी और गुप्त तरीके से लॉन्च किया जा सकता है, जिससे दुश्मन को पहले से पता चलना मुश्किल हो जाता है।

किम जोंग उन ने क्या कहा?

किम जोंग उन ने इस टेस्ट को बहुत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह टेस्ट देश की सामरिक सैन्य शक्ति को सबसे ऊंचे स्तर पर ले जाने में बड़ी भूमिका निभाएगा। राज्य मीडिया के मुताबिक, यह टेस्ट उत्तर कोरिया के परमाणु हथियारों और लंबी दूरी की मिसाइल कार्यक्रम को मजबूत बनाने का हिस्सा है।

क्यों कर रहा है उत्तर कोरिया यह सब?

उत्तर कोरिया पिछले कई सालों से अपनी मिसाइल और परमाणु क्षमता बढ़ा रहा है। हाल ही में किम जोंग उन ने संसद में भाषण देते हुए अमेरिका पर आरोप लगाया था और कहा था कि वे देश की परमाणु शक्ति को और मजबूत करेंगे। यह टेस्ट भी उसी योजना का एक कदम है।

विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर कोरिया कई वारहेड वाली मिसाइल बनाने की कोशिश कर रहा है, ताकि अमेरिका की मिसाइल रक्षा प्रणाली को चकमा दे सके। हालांकि, अभी भी कुछ तकनीकी चुनौतियां बाकी हैं। सॉलिड-फ्यूल टेक्नोलॉजी के कारण ऐसी मिसाइलों को लॉन्च से पहले आसानी से डिटेक्ट करना मुश्किल होता है, जबकि पुरानी लिक्विड-फ्यूल मिसाइलों को ईंधन भरने में समय लगता है।

ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में भूखमरी और कंगाली से हाहाकार, 43.5% तक पहुंची गरीबी, शहरी इलाकों में ग्रामीण क्षेत्रों से भी बुरा हाल

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 29 March 2026 at 09:46 IST