ईरान-अमेरिका तनाव चरम पर पहुंचा, बंदर अब्बास में 5 विस्फोट, बुशहर में भी अमेरिकी हमले, इस शहर में है न्यूक्लियर पावर प्लांट
ईरानी राज्य टेलीविजन के अनुसार होर्मुज जलडमरूमध्य के पास बंदर अब्बास के पश्चिम में पांच विस्फोट सुने गए हैं। अमेरिका ने बुशहर शहर के चार स्थानों पर हमला किया जहां ईरान का परमाणु ऊर्जा संयंत्र है। ये घटनाएं दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष का हिस्सा हैं जिससे वैश्विक तेल बाजार प्रभावित हो सकता है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
ईरानी राज्य मीडिया के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित महत्वपूर्ण बंदरगाह शहर बंदर अब्बास के पश्चिम में पांच विस्फोटों की आवाजें सुनी गई है। ईरानी राज्य टेलीविजन ने यह जानकारी दी है, लेकिन इसके अलावा कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं गई है। यह क्षेत्र ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष का केंद्र बन चुका है।
ईरानी राज्य मीडिया और आधिकारिक समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, अमेरिका ने दक्षिणी ईरान के बुशहर बंदरगाह शहर को निशाना बनाया है। बुशहर प्रांत के उप-राज्यपाल एहसान जहांनियन ने बताया कि शहर के चार स्थानों पर मिसाइलों से हमला हुआ।
ईरान ने इस हमले का आरोप अमेरिका पर लगाया है। बुशहर शहर में ईरान का एकमात्र परिचालित नागरिक परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थित है, लेकिन यह अभी स्पष्ट नहीं है कि परमाणु सुविधा को सीधे नुकसान पहुंचा है या नहीं।
बुशहर और बंदर अब्बास प्रभावित
ये घटनाएं ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य टकराव का हिस्सा हैं। अमेरिकी केंद्रीय कमान (US Central Command) ने दक्षिणी ईरान के सैन्य ठिकानों, मिसाइल, ड्रोन साइटों और समुद्री संपत्तियों पर हमले किए हैं, जिनमें बुशहर और बंदर अब्बास जैसे क्षेत्र शामिल हैं। अमेरिका का कहना है कि ये हमले ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में कमर्शियल जहाजों पर किए गए हमलों के जवाब में हैं। ईरानी पक्ष इन हमलों को अमेरिका द्वारा किए गए बताता है और कुछ रिपोर्टों में नागरिक बुनियादी ढांचे को भी नुकसान का जिक्र है।
होर्मुज जलडमरूमध्य का महत्व
होर्मुज जलडमरूमध्य विश्व के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। यहां से प्रतिदिन लगभग 20% वैश्विक तेल का परिवहन होता है। इस क्षेत्र में कोई भी सैन्य घटना वैश्विक ऊर्जा बाजार और शिपिंग को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है। बंदर अब्बास इसी जलडमरूमध्य के मुहाने पर स्थित है, जबकि बुशहर भी दक्षिणी तट पर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान पर है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 14 July 2026 at 18:08 IST