Nepal Flood: नेपाल बाढ़ त्रासदी में अब तक 175 की मौत, 178 भारतीय समेत 28 देशों के 644 से ज्यादा लोग लापता; क्या है ताजा हालात?

नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने गुरुवार को बताया कि त्रिशूली नदियों में आई बाढ़ से लापता लोगों में 178 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। इस भयावह त्रासदी में अब तक 175 की मौत हो चुकी है। 28 देशों के 644 से ज्यादा लोग लापता हैं।

नेपाल बाढ़ त्रासदी में अब तक 175 की मौत | Image: ANI

नेपाल में आई भीषण त्रासदी के बाद हर तरफ हाहाकार मचा हुआ है। भोटेकोशी नदी में अचानक आए तेज जलप्रवाह (फ्लैश फ्लड) अपने साथ सब कुछ बहा ले गई। धीरे-धीरे मृतकों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। बाढ़ त्रासदी में अब तक 175 की मौत की पुष्टी हो चुकी है। 178 भारतीय समेत 28 देशों के 644 से ज्यादा लोग लापता है। युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस दुखद घड़ी में नेपाल की मदद के लिए भारत समेत कई देश आगे आए हैं।

नेपाल-चीन सीमा पर बहने वाली भोटेकोशी नदी में अचानक आए भयंकर सैलाब और भूस्खलन ने नेपाल में भारी तबाही मचा दी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 35 पुल और 45 सस्पेंशन ब्रिज बह गए हैं। एक बड़ा मार्केट पूरा मलबा में तब्दील हो गया। इस घटना में 13 जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है और कई वाहन तेज बहाव की चपेट में आ गए। नुकसान के आंकड़े धीरे-धीरे बढ़ते ही जा रहे हैं।

August 27, 2026

178 भारतीय नागरिक लापता

नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने गुरुवार को बताया कि रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग और गोरखा जिलों में भोटे कोशी और त्रिशूली नदियों में आई बाढ़ से लापता लोगों में 178 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। हालात की जानकारी देते हुए बोर्ड ने कहा, "ट्रेकिंग और ट्रैवल कंपनियों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्रभावित इलाकों से लापता हुए 644 यात्रियों की पहचान की गई है, जिनमें 127 नेपाली नागरिक भी शामिल हैं।

August 27, 2026

त्रिशूली नदियों के किनारे बसे जिले प्रभावित

ट्रैवल एजेंसियों, गाइडों, स्थानीय अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर इस जानकारी की पुष्टि और जांच-पड़ताल की जा रही है। बयान में यह भी कहा गया है कि भोटे कोशी और त्रिशूली नदियों के किनारे बसे चार प्रभावित जिलों - रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग और गोरखा  में भारी नुकसान हुआ है, जबकि बाकी इलाके सुरक्षित हैं।

August 27, 2026

28 देशों के 476 लोग लापता बताए 

भारतीयों के अलावा, अन्य देशों के नागरिक भी इस भयानक बाढ़ में लापता हैं। यूक्रेन के 53, ऑस्ट्रेलिया के 35 और कनाडा के 25 नागरिक लापता हैं। नेपाल दूतावास के सूत्रों ने भी बताया, "अब तक 175 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों समेत कई लोग अभी भी लापता हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, 28 देशों के 476 लोग लापता बताए जा रहे हैं। खोज और बचाव अभियान जारी रहने के कारण इन आंकड़ों की पुष्टि की जानी बाकी है।

मदद के लिए भारत सबसे आगे

भारत ने नेपाल के लिए मानवीय सहायता और बढ़ा दी है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया है कि बाढ़ से प्रभावित देश के लिए दूसरी उड़ान रवाना हो गई है, जिसमें 37.5 टन मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) का सामान, दवाइयां और खाने के पैकेट भेजे गए हैं। नेपाल में भारतीय दूतावास ने मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं: +977 985 131 6807, +977 970 910 7500 और +977 981 032 6117; ये नंबर WhatsApp पर भी उपलब्ध हैं।

यह भी पढ़ें: Nepal Flood Helpline: बाढ़ में फंसे अपनों की तलाश के लिए यहां करें संपर्क, भारतीय दूतावास के साथ कई राज्यों ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 27 August 2026 at 14:43 IST