तेहरान में विशालकाय बिलबोर्ड पर 'ताबूत में ट्रंप'... सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के बदले की आग में जल रहा ईरान, अमेरिका को दी चेतावनी

तेहरान में डोनाल्ड ट्रंप को ताबूत में दिखाते हुए ‘We Kill Trump’ लिखा विशाल बिलबोर्ड लगाया है। ट्रंप द्वारा अपनी हत्या की साजिश की आशंका जताने के बाद यह सामने आया। सीजफायर टूटने से दोनों देशों के बीच हमले तेज हो गए हैं।

तेहरान में विशालकाय बिलबोर्ड पर 'ताबूत में ट्रंप' | Image: AP

ईरान में तेहरान शहर के बीचोबीच स्थित इस्लामिक क्रांति चौक पर एक बिलबोर्ड लगा हुआ देखा गया, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ताबूत जैसी किसी चीज पर लेटे हुए दिखाया गया है और उस पर ट्रंप विरोधी संदेश लिखे हैं, जिनमें "हम ट्रंप को मार डालेंगे" जैसा नारा भी शामिल है।

बिलबोर्ड पर लगी तस्वरी में डोनाल्ड ट्रंप को खुले काले ताबूत में आंखें बंद करके लेटा हुआ दिखाया गया है। बिलबोर्ड पर अंग्रेजी में साफ लिखा है “We Kill Trump”।

यह बिलबोर्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर अपनी हत्या की साजिश की आशंका जताने के कुछ दिनों बाद सामने आया है। बिलबोर्ड के ठीक नीचे एक भित्तिचित्र भी बनाया गया है, जिस पर लिखा है “मीनाब के बच्चों की याद में”। यह उस हमले की याद दिलाता है जिसमें संघर्ष शुरू होने के पहले दिन ईरान के मीनाब शहर के प्राथमिक स्कूल पर हमला हुआ था और 150 से ज्यादा बच्चों की मौत हो गई थी, जिनमें 120 लड़कियां शामिल थीं।

मोजतबा खामेनेई  का कड़ा बयान

ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने इस तनावपूर्ण माहौल में एक बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि शहीदों के खून का बदला उन अपराधियों से जरूर लिया जाएगा जो इस तरह के कृत्य कर रहे हैं। उन्होंने इसे पूरे देश की मांग बताया और कहा कि प्रतिशोध निश्चित रूप से लिया जाएगा।

इजरायल की चेतावनी

इजरायल ने अमेरिका को खुफिया सूचना दी है कि ईरान ट्रंप की हत्या की नई साजिश रच रहा है। तुर्की में NATO शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने खुद स्वीकार किया कि वे ईरान की हिट लिस्ट में हैं। उन्होंने कहा, “मैं उनकी हर लिस्ट में हूं। अब तक मैं भाग्यशाली रहा हूं, लेकिन यह हमेशा नहीं चलेगा। ये बुरे और बीमार सोच वाले लोग हैं। हमें इस कैंसर को जड़ से खत्म करना होगा।”

अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां भी ट्रंप की सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं और हाल के हफ्तों में संभावित हत्या योजनाओं की जानकारी जुटा रही हैं। ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान भी ईरान के कई शहरों में “किल ट्रंप” वाले पोस्टर दिखाई दिए थे। अब यह नया बिलबोर्ड दोनों देशों के बीच बढ़ते टकराव को और गंभीर बना रहा है।

सीजफायर टूटा, हमले तेज

दोनों देशों के बीच सीजफायर पूरी तरह टूट चुका है। अमेरिका ने ईरानी मिसाइल ठिकानों और तटीय इलाकों पर हमले किए हैं और नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर दी है। इसके जवाब में ईरान ने कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागीं हैं।

इन घटनाओं के कारण फारस की खाड़ी में स्थित स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही एक बार फिर से ठप हो गई है। यह मार्ग दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल और गैस के व्यापार का रास्ता है, जिससे वैश्विक ऊर्जा की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं।

ये भी पढ़ें: NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी, उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा छात्र क्वालीफाई, पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने किया टॉप 

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 16 July 2026 at 23:26 IST