अपडेटेड 24 May 2025 at 08:02 IST
रेलवे स्टेशन पर चाकू लेकर घुसी महिला, कई यात्रियों पर किया जानलेवा हमला... जर्मनी में हुए इस खूनी घटना में 12 घायल
घटना स्टेशन के ट्रैक 13 और 14 के बीच प्लेटफार्म पर हुई। यहां हमलावर ने कई लोगों को निशाना बनाया और उन पर चाकू से हमला कर दिया।
Hamburg station stabbing: जर्मनी के हैम्बर्ग सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बीती शाम एक सिरफिरे का आतंक देखने को मिला। स्टेशन पर हमलावर ने एक के बाद कई लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में एक दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। संदिग्ध हमलावर एक 39 साल की महिला बताई जा रही है, जिसे घटना के तुरंत बाद रेलवे स्टेशन से ही पकड़ लिया गया।
बताया जा रहा है कि चाकूबाजी की इस घटना में घायल हुए 3 लोगों की हालत काफी गंभीर बनी हुई हैं। वहीं, कई लोगों को मामूली चोटें भी आईं। हमले का मकसद अबतक साफ नहीं हो पाया है।
स्टेशन पर कई यात्रियों को बनाया निशाना
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना स्टेशन के ट्रैक 13 और 14 के बीच प्लेटफार्म पर हुई। यहां हमलावर ने कई लोगों को निशाना बनाया और उन पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने संदिग्ध हमलावर को पकड़ने से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दी।
घटना पर आया पुलिस का बयान
पुलिस ने बताया, "प्रारंभिक जांच के अनुसार एक व्यक्ति ने Hauptbahnhof में चाकू से कई लोगों को घायल कर दिया। संदिग्ध को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार व्यक्ति 39 वर्षीय महिला है। अब तक मिली जानकारी के आधार पर हमारा मानना है कि उसने अकेले ही यह काम किया है। मामले की जांच जारी है।"
हैम्बर्ग पुलिस ने यह भी बताया कि अभी तक कोई "वैध आंकड़े" उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन पुष्टि की गई है कि हमले में कई लोगों को जानलेवा चोटें आई हैं।
हैम्बर्ग जर्मनी का दूसरे सबसे बड़ा शहर है। वहीं, यह रेलवे स्टेशन जहां वारदात को अंजाम दिया गया, वो देश के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक है। जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय स्टेशन पर कई यात्री मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित निकाला गया। घटना के बाद कई ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट कर दिया गया। यह स्टेशन स्थानीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय ट्रेनों का प्रमुख केंद्र है।
यह भी पढ़ें: अब पाकिस्तान की राह पर बांग्लादेश! सेना और सरकार में बढ़ी तकरार; क्या मोहम्मद यूनुस का गेम हो गया ओवर?
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 24 May 2025 at 08:02 IST