5 मी. तक लहरें, कई इलाकों में अंधेरा, लगातार अलार्म... जोरदार भूकंप के बाद Japan में कैसे हैं हालात?
जापान में भूकंप से वहां रहने वाले लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सुनामी को लेकर रूस और दक्षिण कोरिया की भी नजर है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 4 min read
Earthquake in Japan: जापान ने 1 जनवरी, सोमवार को पश्चिमी समुद्री क्षेत्र में भूकंप के तेज झटके महसूस किए जाने के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की और लोगों से तटीय इलाकों से जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर चले जाने के लिए कहा। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने स्थानीय समयानुसार शाम चार बजे इशिकावा के समुद्र तटों और आसपास के प्रांतों में भूकंप आने की सूचना दी, जिनमें से एक की प्रारंभिक तीव्रता 7.6 मापी गई। इसने इशिकावा के लिए एक गंभीर स्तर की सुनामी चेतावनी और होंशू द्वीप के बाकी पश्चिमी तट के लिए निचले स्तर की सुनामी चेतावनी जारी की।
खबर में आगे पढ़ें:
- जापान में भूकंप से तबाही
- कहीं रुकी बुलेट ट्रेन की सुविधा तो कही सड़कें बंद
- कई जगहों पर पानी की पाइप टूटी
जापान की सरकारी मीडिया ‘एनएचके टीवी’ ने चेतावनी दी कि समुद्र में लहरें पांच मीटर तक पहुंच सकती है। इसने लोगों से जल्द से जल्द ऊंचे स्थानों या पास की इमारत की ऊपरी मंजिलों पर चले जाने का आग्रह किया। एनएचके के मुताबिक, सुनामी की लहरें उठने के चलते शुरुआती चेतावनी के बाद भी अलार्म लगभग दो घंटे तक बजता रहा। जापान में भूंकप के झटके आने से लोगों में डर का माहौल बन गया है।
समुद्री तटों पर रहने वालों को इलाका खाली करने का निर्देश
किशिदा सरकार के प्रवक्ता योशिमासा हयाशी ने संवाददाताओं को बताया कि भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में स्थित परमाणु संयंत्रों को किसी तरह का नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है। उन्होंने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील करते हुए कहा, "हर एक मिनट अहम है। कृपया तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।"
भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में रोकी गई बुलेट ट्रेन की सुविधा
एनएचके के मुताबिक, जापान के पश्चिमी तट पर निगाटा और अन्य क्षेत्रों में लगभग तीन मीटर ऊंची सुनामी आने की आशंका जताई गई। इसके अनुसार, समुद्र तट पर कम ऊंचाई की सुनामी लहरें पहले ही दर्ज की गई हैं। भूकंप के कारण नुकसान की भी सूचना है। जापानी मीडिया की ओर से जारी वीडियो में वजीमा शहर के एक इलाके से धुआं उठता देखा जा सकता है। एक अन्य इलाके में एक घर ढह गया। एनएचके की माने तो भूकंप से प्रभावित क्षेत्रों में बुलेट ट्रेन की सुविधा को रोक दिया गया है। राजमार्ग के कुछ हिस्सों को बंद कर दिया गया है। वहीं कई जगहों पर पानी की पाइपलाइन टूट जाने की जानकारी मिली है।
रूस और दक्षिण कोरिया में सुनामी पर नजर
मीडिया की खबर के मुताबिक, भूकंप के कारण कई जगह चौड़ी दरारें पड़ गईं। मौसम विज्ञान एजेंसी ने प्रेसवार्ता में कहा कि अगले सप्ताह, खासकर अगले दो या तीन दिनों में इस क्षेत्र में और बड़े भूकंप आ सकते हैं। जापान के उत्तरी हिस्से में स्थित होकाइदो द्वीप के अलावा उत्तर कोरिया और रूस के कुछ हिस्सों में समुद्र में एक मीटर ऊंची लहरे उठने की चेतावनी जारी की गई है। रूस के अधिकारियों ने सखालिन द्वीप के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। वहीं, दक्षिण कोरिया में मौसम एजेंसी ने कुछ पूर्वी तटीय शहरों के निवासियों से समुद्र के स्तर में संभावित बदलावों पर नजर रखने का आग्रह किया है। जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने संवाददाताओं से कहा कि सरकार ने भूकंप और सुनामी के बारे में जानकारी इकट्ठा करने के लिए एक विशेष आपातकालीन केंद्र स्थापित किया है।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 1 January 2024 at 20:48 IST