सीजफायर में लेबनान को लेकर फंसा बड़ा पेंच! शहबाज और ईरान के दावों की नेतन्याहू ने उड़ाई धज्जियां, लेबनान में दागी ताबड़तोड़ मिसाइलें, 4 की मौत
ट्रंप के सीजफायर के ऐलान के बाद भी इजरायल का लेबनान पर हमला जारी है। IDF ने चेतावनी देते हुए लोगों को दक्षिणी लेबनान के शबरीहा इलाके को तुरंत खाली करने का आदेश दिया है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के साथ दो हफ्तों के लिए अस्थाई युद्धविराम का ऐलान किया। उन्होंने साफ किया कि बातचीत को टेबल तक लाने के लिए मैंने सीजफायर पर सहमति दी है। मगर इस ऐलान के महज कुछ घंटों बाद ही इजरायल ने अपने इरादे साफ कर दिए। इजरायली सेना ने एक बार फिर लेबनान को अपना निशाना बनाया है। कई इमरातों पर IDF ने भीषण हमला किया है। हमले में 4 लोगों की मौत की भी खबर आ रही है।
इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने चेतावनी देते हुए लोगों को शबरीहा इलाके को तुरंत खाली करने का आदेश दिया है। इस इलाके में कई बड़ी-बड़ी इमारतों को भी सेना ने निशाना बनाया है। भीषण हमले के बाद पूरा शहर धुआं-धुआं हो गया। ये हमले इजरायली प्रधानमंत्री के उस ऐलान के बाद हुआ है, जिसमें कहा था कि सीजफायर समझौता लेबनान पर लागू नहीं होगा।
लेबनान के टायर शहर पर ताबड़तोड़ हमले
IDF ने दक्षिणी लेबनान के शहरों पर हवाई हमले किए हैं। लेबनान के टायर जिले (Tyre) के अल-कलैलाह शहर में एक एम्बुलेंस को निशाना बनाया, जिसमें कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। यह हमला युद्धविराम की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस पर बमबारी की गई, जिससे मौके पर ही चार नागरिकों की मौत हो गई।
लेबनान पर सीजफायर की शर्ते नहीं लागू होगी-इजरायल PM
बता दें इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में सख्ती से कहा कि लेबनान में हिजबुल्लाह के हमले एक अलग मोर्चा हैं और इजरायल वहां अपना सैन्य अभियान जारी रखेगा। बयान में कहा गया है, "इजरायल राष्ट्रपति ट्रंप के उस फैसले का समर्थन करता है जिसमें ईरान के खिलाफ दो हफ्ते के लिए हमले रोकने की बात कही गई है।
शहबाज शरीफ ने लेबनान को लेकर किया था ये दावा
इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने खुद को इस सीजफायर का मध्यस्थ बताते हुए दावा किया था कि यह युद्धविराम 'लेबनान सहित सभी क्षेत्रों में लागू होगा' जहां संघर्ष जारी है। शरीफ ने अपने पोस्ट में लिखा था, 'मुझे यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका, अपने सहयोगियों के साथ मिलकर, लेबनान और अन्य स्थानों सहित हर जगह तत्काल युद्धविराम के लिए सहमत हो गए हैं, जो कि 'तत्काल प्रभाव से' लागू होगा।
ईरान के दावे के बाद लेबनान पर फंसा पेंच
वहीं, ईरान की ओर से दावा किया गया कि लेबनान पर फिर सीजफायर की शर्ते लागू रहेगी। मगर इजरायल ने अपने ताजा हमलों से साफ कर दिया कि लेबनान में उसके सैन्य अभियान जारी रहेंगे। यह अस्थायी युद्धविराम पूरी तरह से ईरान से जुड़ी सीधी शत्रुता पर लागू होता है और लेबनान तक इसका विस्तार नहीं है। अब देखना होगा कि लेबनान पर फंसे पेंच को ट्रंप कैसे सुलझाते हैं।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 8 April 2026 at 14:08 IST